पूनम चतुर्वेदी शुक्ला
लखनऊ (उत्तरप्रदेश)
**************************************
आज का समय तेज़ रफ्तार का समय है। सुबह आँख खुलते ही मोबाइल की स्क्रीन, अधिसूचना (नोटिफिकेशन) की कतार, व्हाट्सएप के संदेश, सोशल मीडिया की सुर्खियाँ और ब्रेकिंग न्यूज़-इन सबके बीच हम जीवन जी रहे हैं। इस भाग-दौड़ में सबसे ज़्यादा जो पीछे छूट रहा है, वह है-ठहराव, संवाद और संवेदना। समाज, मीडिया, महिलाएँ, बच्चे, सेहत और रिश्ते-ये सभी आपस में गहराई से जुड़े हुए विषय हैं, लेकिन अक्सर हम इन्हें अलग-अलग खाँचों में बाँटकर देखने लगते हैं।
मीडिया को अक्सर ‘समाज का आइना’ कहा जाता है, लेकिन प्रश्न यह है कि क्या यह आइना आज भी सच दिखा रहा है या फिर केवल वही दिखा रहा है जो टीआरपी और पसंद-बटन के लिए ज़रूरी समझा जाता है ? पिछले कुछ वर्षों में मीडिया का स्वर बदला है। गंभीर सामाजिक मुद्दों की जगह सनसनी, शोर और तात्कालिक भावनाओं को भड़काने वाली सामग्री ने ले ली है। इसका सीधा असर समाज की सोच पर पड़ रहा है। जब बच्चों के सामने हिंसा, महिलाओं के सामने अपमान और आम आदमी के सामने निराशा बार-बार परोसी जाती है, तो यह धीरे-धीरे सामान्य लगने लगती है।
मीडिया की ज़िम्मेदारी केवल खबर दिखाने तक सीमित नहीं है। उसका दायित्व है कि वह समाज को दिशा दे, सवाल पूछे, जवाब माँगे और सकारात्मक उदाहरण सामने लाए। आज ज़रूरत है ऐसे मीडिया की, जो महिला सशक्तिकरण को केवल एक दिवस की खबर न बनाए, बल्कि रोज़मर्रा के संघर्षों और सफलताओं को ईमानदारी से सामने लाए।
महिलाएँ किसी भी समाज की रीढ़ होती हैं। घर से लेकर कार्यस्थल तक वे हर भूमिका निभाती हैं। फिर भी आज की महिला कई स्तरों पर संघर्ष कर रही है-सुरक्षा, सम्मान, अवसर और पहचान के लिए। एक ओर हम महिला नेतृत्व, स्टार्ट-अप और उपलब्धियों की बातें करते हैं, दूसरी ओर घरेलू हिंसा, कार्यस्थल पर भेदभाव और साइबर अपराध की घटनाएँ बढ़ रही हैं।
मीडिया और समाज दोनों को यह समझना होगा कि महिला केवल खबर की विषय-वस्तु नहीं है, बल्कि समाज की निर्माता है। जब एक महिला शिक्षित होती है, तो केवल वह नहीं, बल्कि पूरी पीढ़ी शिक्षित होती है। इसलिए महिला से जुड़े मुद्दों को सहानुभूति नहीं, बल्कि समानता के दृष्टिकोण से देखने की आवश्यकता है।
बच्चे किसी भी समाज का भविष्य होते हैं, लेकिन दुर्भाग्य से आज वही बच्चे सबसे ज़्यादा असुरक्षित भी हैं।आभासी दुनिया ने जहाँ ज्ञान के नए द्वार खोले हैं, वहीं खतरे भी बढ़ाए हैं। मोबाइल और अंतरजाल बच्चों की पढ़ाई के साधन बने, लेकिन धीरे-धीरे वे उनके बचपन को निगलने लगे।
आज का बच्चा समय से पहले बड़ा हो रहा है-मानसिक रूप से भी और भावनात्मक रूप से भी। परीक्षा का दबाव, तुलना की संस्कृति और माता-पिता की अपेक्षाएँ उसे भीतर से तोड़ रही हैं। जरूरत है कि हम बच्चों के साथ समय बिताएँ, उनसे बात करें, उनकी बात सुनें। शिक्षा केवल अंकों की दौड़ नहीं, बल्कि अच्छे इंसान बनाने की प्रक्रिया है।
सेहत को अक्सर केवल शरीर तक सीमित कर दिया जाता है, लेकिन मानसिक स्वास्थ्य उतना ही महत्वपूर्ण है। आज तनाव, अवसाद और अकेलापन आम होते जा रहे हैं। सोशल मीडिया पर हँसती तस्वीरों के पीछे कई बार गहरी उदासी छिपी होती है।
महिलाओं के लिए यह चुनौती और भी बड़ी है। घर, काम और समाज की अपेक्षाओं के बीच वे अपने लिए समय निकालना भूल जाती हैं। पुरुष भी भावनाएँ व्यक्त न कर पाने के कारण मानसिक दबाव झेलते हैं। बच्चों में भी चिंता और डर बढ़ रहा है। ऐसे में मानसिक स्वास्थ्य पर खुलकर बात करना समय की माँग है।
योग, ध्यान, संतुलित आहार और नियमित दिनचर्या केवल सुझाव नहीं, बल्कि ज़रूरत बन चुके हैं। सबसे महत्वपूर्ण है संवाद-अपने मन की बात किसी से कहना, बिना डर और झिझक के।
रिश्ते आज सबसे बड़ी परीक्षा से गुज़र रहे हैं। संयुक्त परिवार से एकल परिवार और अब अकेलेपन तक का सफ़र तेज़ी से तय हुआ है। तकनीक ने हमें जोड़ा भी है और तोड़ा भी। एक ही घर में रहते हुए लोग एक-दूसरे से बात करने के बजाय पर्दे में उलझे रहते हैं।
रिश्तों की मज़बूती संवाद से आती है। जब हम सुनते हैं, समझते हैं और स्वीकार करते हैं, तभी भरोसा बनता है। पति-पत्नी, माता-पिता और बच्चे, मित्र-हर रिश्ते में समय और संवेदना की जरूरत है।
अक्सर हम समाज को कोसते हैं, व्यवस्था को दोष देते हैं, लेकिन यह भूल जाते हैं कि समाज हमसे ही बनता है। छोटा-सा सकारात्मक कदम भी बड़ा बदलाव ला सकता है। मीडिया में काम करने वाले संवेदनशीलता दिखाएँ, माता-पिता बच्चों के लिए समय निकालें, महिलाएँ अपने अधिकारों के लिए आवाज़ उठाएँ और पुरुष सहयोगी बनें, तो तस्वीर बदल सकती है।
आज के समय में निराशा के कारण बहुत हैं, लेकिन उम्मीद के कारण भी कम नहीं। समाज में बदलाव की चाह रखने वाले लोग आज भी हैं। जरूरत है उन्हें जोड़ने की, उनके प्रयासों को मंच देने की।
अगर हम अपने आसपास के लोगों को थोड़ा और समझने लगें, मीडिया को ज़िम्मेदार बनाएँ, महिलाओं और बच्चों को सुरक्षित व सम्मानजनक वातावरण दें, अपनी सेहत और रिश्तों को प्राथमिकता दें, तो एक बेहतर समाज की नींव रखी जा सकती है।
आइए, आज से ही शुरुआत करें-अपने घर से, अपने मन से और अपने व्यवहार से।