कुल पृष्ठ दर्शन : 2

कश्मकश तो जीवनभर पर  समस्याओं में ही समाधान

राधा गोयल
नई दिल्ली
**********************************

अनिश्चितताओं और संभावनाओं की कश्मकश जीवनभर चलती रहती है। जन्म, पढ़ाई, करियर, प्यार, शादी कोई भी क्षेत्र हो। नई दिशा में कदम बढ़ाने से पहले कई सवाल खड़े होने लगते हैं। सब कुछ अनुकूल एवं परिपूर्ण होता है, तब भी अनिश्चितताएं साथ नहीं छोड़तीं। पर क्या हम काम करना छोड़ देते हैं ? प्रेरणादायक वक्ता टॉनी रॉबिन्स कहते हैं – “यही क्षण होते हैं, जब कोई संभावनाओं के नए क्षितिज ढूँढ लेता है और कोई अपनी ही आशंकाओं में कैद होकर रह जाता है। कुछ तय और स्थिर न होना ही भौतिक व आत्मिक विस्तार की नई राहें खोलता है। यही अनिश्चितताओं की खूबसूरती है।”
  समस्याओं रूपी चुनौतियों का सामना करने, उन्हें सुलझाने में जीवन का अपना अर्थ छिपा हुआ है। समस्याएं तो एक दुधारी तलवार होती हैं। समस्याएं हमारे साहस व हमारी बुद्धिमता को ललकारती हैं। दूसरे शब्दों में वे हममें साहस और बुद्धिमानी का सृजन भी करती हैं। मनुष्य की तमाम प्रगति, उसकी सारी उपलब्धियों के मूल में समस्याएं ही हैं। यदि जीवन में समस्याएं नहीं हों तो शायद हमारा जीवन नीरस ही नहीं, जड़ भी हो जाता। प्रख्यात लेखक फ्रेंकलिन ने सही ही कहा था- “जो बात हमें पीड़ा पहुंचाती है, वही हमें सिखाती भी है।” और इसलिए समझदार लोग समस्याओं से डरते नहीं, उनसे दूर नहीं भागते, बल्कि वे समस्याओं के प्रति भी सकारात्मक नजरिया विकसित करते हैं।
   समस्याओं से कतराने, उनमें छिपी भावनात्मक व्यथा से बचकर निकल जाने की यह प्रवृत्ति ही मनुष्य की तमाम मानसिक रुग्णता का मूल कारण है। ऐसी प्रवृत्ति हम सभी में न्यूनाधिक रूप में विद्यमान है और हम सभी मानसिक रूग्णता के शिकार हैं- कभी कम, कभी अधिक। इसी कारण हम मानसिक रूप से पूर्णतः स्वस्थ भी नहीं होते। कभी-कभी हम समस्याओं के स्पष्टतः बुद्धितापूर्ण अच्छे समाधान खोजने की चेष्टा करने की बजाए कल्पना लोक में विचरकर उनसे छुटकारा पाना चाहते हैं। ऐसे कल्पना लोक में, जो यथार्थ से, वास्तविकता से बहुत दूर होता है। यह भी एक प्रकार से समस्याओं से भागने के लिए नशे जैसा है। कल्पना लोक में विचरण मानसिक रोगों का सूत्रपात है और समस्याओं में अंतर्निहित पीड़ा से कहीं अधिक दुखदायी, कहीं ज्यादा घातक होता है।
  अंग्रेजी में एक शब्द है- ‘न्यूरोसिस’ अर्थात् स्नायु रोग। यह ‘न्यूरोसिस’ स्वयं में एक बहुत बड़ी समस्या होता है- इलाज खुद रोग बन जाता है। हमारा मानसिक विकास अवरुद्ध हो जाता है। दूसरे शब्दों में हम समस्याओं में छिपे दर्द से छुटकारा पाने के लिए जब उनसे अर्थात् समस्याओं से कतराते हैं, तो हम अपने मानसिक विकास की राह में स्वयं ही रोड़े डालते हैं। इसलिए जरूरी है कि हम स्वयं में और अपने बच्चों में मानसिक रूप से स्वस्थ रहने की आदत डालें। उन उपायों को खोजें, जिनसे हम अपना यह लक्ष्य प्राप्त कर सकते हैं। हम स्वयं समस्याओं से जूझना, होने वाले दर्द को सहना सीखें। अपने बच्चों में भी ऐसी ही प्रवृत्ति का विकास करें।
क्या ये कठिन बाते हैं, जिनके लिए हमें कठोर परिश्रम और अभ्यास की जरूरत पड़ती है ? जी नहीं, ये बेहद आसान हैं। १० वर्ष का बच्चा भी उन्हें सरलता से अपना सकता है, लेकिन अक्सर बड़े-से-बड़े लोग उन्हें अपनाना भूल जाते हैं और अंततः स्वयं ही अपने पतन का कारण बनते हैं। समस्या यह नहीं, कि ये बातें कठिन हैं बल्कि हम उन्हें अपनाने की इच्छाशक्ति ही नहीं रखते। इन बातों के जरिए ही हम समस्याओं में छिपे दर्द का सामना कर सकते हैं।