कुल पृष्ठ दर्शन : 4

घूँघट – मर्यादा और आत्मसम्मान

नीलम प्रभा सिन्हा
धनबाद (झारखंड)
***************************************

घूँघट मर्यादा है हमारी,  
घूँघट करना स्त्री की परंपरा रही
भारतीय संस्कृति की धरोहर और निधि रही,  
शील और संकोच की पहचान बनी रही।

लज्जा का आवरण घूँघट कहलाता,
कुलवधू की पहचान बढ़ाता
अपने भीतर गरिमा और संस्कार सजाए,  
बड़ों के सामने सिर को आदर से झुकाए।

यह भारतीय सभ्यता और संस्कृति की पहचान रही,  
ये परंपराएँ घर-घर में जीवित आज भी
मेरी दादी, परदादी और माँ ने इसे अपनाया,  
घूँघट में अपने कुल की आन-शान को निभाया।

परिवार के बड़ों ने सम्मान करना सिखाया,  
संस्कारों का महत्व भी समझाया
पर समय के साथ सोच बदलती जा रही,  
नई पीढ़ी नई राहों पर बढ़ती जा रही।

अपने पैरों पर खड़ा होना भी ज़रूरी है,  
कंधे से कंधा मिलाकर चलना मजबूरी नहीं, ज़रूरत है
आज नहीं तो कल, आगे बढ़ना होगा,  
अपने सपनों को सच करने के लिए घर से निकलना होगा।

घूँघट के दायरे से बाहर आना होगा,  
पर अपनी मर्यादा और संस्कारों को भी निभाना होगा
घूँघट स्त्री की अपनी भावना का विषय है,  
इसे किसी पर थोपना उचित नहीं है।

आज की पढ़ी-लिखी, आधुनिक और प्रगतिशील नारी में,  
कई गुण विकसित होते हैं शिक्षा और संस्कारों से
सौम्यता, मृदुलता और व्यवहार- कुशलता,  
नहीं आती केवल घूँघट से, आती है अच्छे विचारों से।

कैसे दूसरों से व्यवहार करना है, यह समझना है,  
कैसे अपना आत्मसम्मान बनाए रखना है, यह जानना है।  
घूँघट हो या न हो, संस्कार मन में रहने चाहिए,  
नारी की मर्यादा उसके अपने आचरण में दिखनी चाहिए॥