कुल पृष्ठ दर्शन : 1

माँ भारती… नमन करूँ

डॉ.विद्यासागर कापड़ी ‘सागर’
पिथौरागढ़(उत्तराखण्ड)
************************************************

पावन माता भारती,
धारे गंगा धार।
जगती पर हैं सैकड़ों,
माँ तेरे उपकार॥
माँ तेरे उपकार,
सभी को पथ दर्शाती।
आता है जो द्वार,
हृदय उनके हर्षाती॥
कह ‘सागर’ कविराय,
धरा माँ की मनभावन।
मृदा का कण-कण,
लगे मलयज-सा पावन॥
     
नमन करूँ माँ भारती,
ऊँची तेरी शान।
वैभवशाली रूप में,
है तेरी पहचान॥
है तेरी पहचान,
जगत को राह दिखाती।
जगती एक कुटुम्ब,
सदा से यही सिखाती॥
कह ‘सागर’ कविराय,
सदा मन सुमन करूँ माँ।
उठकर मैं नित भोर,
तुझे ही नमन करूँ माँ॥