सरोजिनी चौधरी
जबलपुर (मध्यप्रदेश)
*************************************
संविधान भारत के जन-मन की पुकार है,
सिर्फ़ दस्तावेज नहीं लोकतंत्र के प्रवेश का द्वार है
इसमें गूँजती है देशवासियों की आवाज़,
सभी की अर्ज़ी लोकतंत्र करता स्वीकार है।
संविधान को केवल पढ़ना पर्याप्त नहीं,
यह किसी सत्ताधारी के सिंहासन का मोहताज नहीं
यह देश के नागरिकों के विश्वास की अमानत है,
यह स्वार्थ परता और भेदभाव का बाज़ार नहीं।
संविधान में हर आवाज़ को अधिकार मिले,
हर आँख को सपनों का संसार मिले
न्याय के द्वार पर न कोई छोटा, न बड़ा,
देश में रहने वाले हर नागरिक को मताधिकार मिले।
जाति की बेड़ियाँ और धर्म की दीवार न हो,
देशद्रोह और निरंकुशता का अधिकार न हो।
क्योंकि संविधान आने वाले कल की तैयारी है,
इसकी गरिमा, सुरक्षा और समानता हम सबकी ज़िम्मेदारी है॥