दिल्ली।
अंतरराष्ट्रीय सकारात्मक साहित्य मंच का द्वितीय वार्षिक उत्सव हिन्दी साहित्य परिषद एवं राजधानी कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को कॉलेज (दिल्ली) में साहित्यिक गरिमा और उत्साह के साथ आयोजित हुआ। कार्यक्रम में सम्मान समारोह, पुस्तक लोकार्पण, कवि सम्मेलन तथा जन्मदिन समारोह सहित विभिन्न आयोजन हुए।
मंच की अध्यक्ष एवं कवयित्री डॉ. कीर्ति काले ने बताया कि अध्यक्षता भारत सरकार के पूर्व शिक्षा मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ ने की। कॉलेज के प्राचार्य प्रो. दुर्गा पाण्डेय के आतिथ्य में इस समारोह में राष्ट्रीय कवि संगम के अध्यक्ष नरेन्द्र नितिन अतिथि रहे। विशिष्ट अतिथियों में भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद के कार्यक्रम निदेशक सुनील सिंह, राष्ट्रीय कवि डॉ. प्रवीण शुक्ल, समाजसेवी माणक शाह जैन तथा सोनोटेक म्यूजिक कंपनी के संस्थापक हंसराज रघुवंशी रहे।
इस अवसर पर साहित्य साधना के लिए उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। विश्वविख्यात हास्य कवि स्व. सुरेन्द्र दुबे की स्मृति में युवा हास्य गौरव सम्मान युवा हास्य कवि ओमप्रकाश कल्याणे को, डॉ. कीर्ति काले युवा गीत गौरव सम्मान युवा गीतकार पंकज शर्मा को व वरिष्ठ कवयित्री श्रीमती इंदु गोपाल आदि को साहित्य सम्मान के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दूसरे चरण में डॉ. काले के संपादन में संस्था के १६ रचनाकारों की रचनाओं पर आधारित साझा काव्य संकलन ‘सकारात्मक साहित्य मंच-२०२६’, ओमप्रकाश कल्याणे का हास्य कविता संग्रह ‘कभी तो प्यारे हँस भी ले’ आदि का लोकार्पण किया गया। तीसरे चरण में भव्य कवि सम्मेलन हुआ। सर्वेश अस्थाना, राजेन्द्र कलकल, प्रो. महेन्द्र सिंह, डॉ. प्रवीण शुक्ल एवं डॉ. काले ने हास्य, गीत और मुक्तकों की प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. काले, कवि ओमप्रकाश कल्याणे एवं प्रीति चिम्पाड़ी ने किया।