इंदौर (मप्र)।
इन्दौर साहित्य सागर संस्था का १८० वाँ साहित्यिक आयोजन सरस काव्य गोष्ठी के रूप में वरिष्ठ कवि भीखूलाल निमाड़े की अध्यक्षता, लेखक सुरेश कुमार शर्मा ‘बाबूजी’ के मुख्य आतिथ्य और उपन्यासकार ब्रजमोहन शर्मा के विशेष आतिथ्य में सुदामा नगर स्थित माँ आनंदेश्वरी मंदिर परिसर के सभाकक्ष में आयोजित किया गया। गोष्ठी में सभी ने अपनी सरस भावपूर्ण प्रतिनिधि रचनाओं का पाठ किया।
सर्वप्रथम अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती को माल्यार्पण किया गया। शुभारम्भ ‘बाबूजी’ ने सरस्वती वंदना से किया। अतिथियों का स्वागत पुष्प मालाओं से किया गया। सर्वश्री मदन अग्रवाल ‘मधुर’, श्याम शर्मा, रशीद अहमद शेख़ ‘रशीद’ तथा श्रीमती कुसुम मण्डलोई आदि ने प्रतिनिधि रचनाओं का पाठ किया। मुख्य अतिथि ने संस्था की साहित्यिक गतिविधियों की सराहना की। विशेष अतिथि ने नारी शक्ति पर आधारित अपनी मार्मिक कहानी सुनाई। संस्था के अध्यक्ष ‘स्वतंत्र’ ने संचालन किया। आभार प्रदर्शन ‘मधुर’ ने किया।