इंदौर (मप्र)।
वामा साहित्य मंच द्वारा नवंबर माह की मासिक गोष्ठी का आयोजन अत्यंत उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। ‘सुनो सहेली, बूझो पहेली’ विषय पर केंद्रित इस गोष्ठी में पहेली विधा की रोचकता और लोक-सौंदर्य की जीवंत झलक देखने को मिली, जिसमें कार्यक्रम की संयोजक सदस्याओं ने साहित्यिक, पर्यावरणीय और ज्ञानवर्धक पहेलियों से श्रोताओं की बौद्धिक परीक्षा ली।
इस कार्यक्रम का शुभारंभ सपना साहू ‘स्वप्निल’ की स्वरचित प्रस्तुत मधुर एवं भावपूर्ण सरस्वती वंदना के साथ हुआ। तत्पश्चात अध्यक्ष ज्योति जैन ने स्वागत उद्बोधन द्वारा मंच और गोष्ठी की रूपरेखा स्पष्ट की और रोचक विधा के साहित्यिक महत्व पर प्रकाश डाला।
प्रचार प्रमुख सपना साहू ‘स्वप्निल’ ने बताया, कि विशेष अतिथि के रूप में अंतरराष्ट्रीय कवि-गीतकार डॉ. शशिकांत यादव उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि साहित्यिक पहेलियों का जो नवाचार हुआ, वह पहली बार देखा, जिसकी उन्होंने प्रशंसा की। उन्होंने अपने छंद ‘कौन कहता है नारी भारत में अबला है, इंदिरा ने विश्व से लोहा मनवाया, माया ने मुलायम को हराया.. सोनिया ने मनमोहन से देश चलवाया है।’ सुनाया।
गोष्ठी के दौरान एक से बढ़कर एक कलात्मक और गूढ़ पहेलियाँ पूछी गईं, जिन्हें बूझने के क्रम में निरंतर उत्साह और बौद्धिक कौतूहल बना रहा। सबसे ज्यादा ५ पहेली हल करके प्रज्ञा प्रवाहिनी का पुरस्कार डॉ. पूर्णिमा भारद्वाज को मिला। अतिथि स्वागत अध्यक्ष ज्योति जैन और सुनीता सैनी ने किया। धर्मेंद्र सांगले, रूपाली बर्वे व पद्मा धर्मालय आदि का सम्मान किया गया।
कार्यक्रम का सरस संचालन श्रीमती ज्योति छाजेड़ एवं श्रीमती सुनीता सैनी ने किया। कोषाध्यक्ष रूपाली पाटनी ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।