कुल पृष्ठ दर्शन : 4

उप्र:राजनीति में धर्म, धाम और विकास

डॉ. शैलेश शुक्ला
लखनऊ (उत्तरप्रदेश)
***********************************

उत्तर प्रदेश की राजनीति को समझना हो तो उसे केवल चुनावी गणित से नहीं समझा जा सकता। उसे समझना हो तो उसके धामों, उसकी कथाओं, मेलों, मंदिरों और उसके लोगों की आस्था से समझना होगा। उत्तर प्रदेश वह भूमि है, जहाँ राम का जन्म हुआ, जहाँ कृष्ण ने लीला की, जहाँ शिव की नगरी काशी है, जहाँ संगम पर आस्था का सबसे बड़ा मेला लगता है, जहाँ कुंडा जैसे छोटे स्थानों पर भी रामकथा सुनने के लिए लाखों लोग जुट जाते हैं। यही कारण है, कि यहाँ धर्म कभी केवल धर्म नहीं रहा, वह संस्कृति बना, वह पहचान बना, वह स्मृति बना और धीरे-धीरे वह राजनीति का भी एक बड़ा आधार बन गया। प्रश्न यह है कि २०२७ का विधानसभा चुनाव विकास पर होगा या धर्म और संस्कृति पर।
   यह प्रश्न जितना सरल दिखाई देता है, उत्तर उतना ही जटिल है, क्योंकि उत्तर प्रदेश में धर्म और विकास अब २ अलग-अलग रास्ते नहीं रहे, वे एक ही यात्रा के २ पड़ाव बन गए हैं। मतदाता एक हाथ में आस्था का दीपक और दूसरे हाथ में विकास की अपेक्षा लेकर खड़ा है। अयोध्या इस परिवर्तन का सबसे बड़ा प्रतीक है। २२ जनवरी (२०२४) को अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा हुई। यह घटना केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं थी, यह दशकों के एक लंबे कानूनी, सामाजिक और राजनीतिक संघर्ष के बाद आई एक सांस्कृतिक घटना थी। मंदिर का निर्माण हुआ और उसके बाद अयोध्या का स्वरूप बदलने लगा। सड़कें चौड़ी हुईं, रेलवे स्टेशन और हवाई अड्डे का विस्तार हुआ, होटल और धर्मशालाओं का निर्माण हुआ, रोजगार के नए अवसर बने। अयोध्या के लोगों के लिए यह केवल आस्था का प्रश्न नहीं था, यह आजीविका का भी प्रश्न बन गया। यही कारण है, कि अयोध्या की राजनीति को केवल हिंदुत्व के चश्मे से देखना अधूरा होगा। वहाँ का मतदाता मंदिर को भी देखता है और सड़क को भी देखता है, वह श्रद्धा को भी देखता है और रोजगार को भी देखता है। २०२४ के लोकसभा चुनाव में अयोध्या के आसपास के क्षेत्र में भाजपा की हार ने यह बता दिया, कि केवल धर्म के नाम पर मत की गारंटी नहीं है। मतदाता ने यह संदेश दिया कि आस्था के साथ विकास भी चाहिए, सुविधा भी चाहिए।
   काशी ने भी यही कथा कही है। दिसंबर २०२१ में काशी विश्वनाथ धाम कॉरिडोर का लोकार्पण हुआ। इसके बाद काशी आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई। घाटों, गलियों और मंदिरों का सौंदर्यीकरण हुआ, पर्यटन बढ़ा, स्थानीय व्यापार को लाभ हुआ। काशी का मतदाता इस परिवर्तन को अपनी आँखों से देख रहा है। उसके लिए काशी विश्वनाथ धाम केवल एक धार्मिक परियोजना नहीं है, वह उसकी पहचान, अर्थव्यवस्था और गौरव का प्रतीक है।
   इसी प्रकार मथुरा और वृंदावन में भी धार्मिक पर्यटन और विकास की राजनीति साथ-साथ चल रही है। श्रीकृष्ण जन्मभूमि का विषय वहाँ की आस्था का विषय है, किन्तु वहाँ के लोग यमुना की स्वच्छता, सड़कों की स्थिति, पर्यटकों की सुविधा और स्थानीय रोजगार को भी उतना ही महत्व देते हैं। मथुरा का मतदाता कृष्ण की कथा भी सुनता है और विकास की कथा भी सुनना चाहता है।
  प्रयागराज का संगम और महाकुंभ उत्तर प्रदेश की धार्मिक राजनीति का एक और बड़ा अध्याय है। महाकुंभ में करोड़ों श्रद्धालु आते हैं। यह आयोजन उत्तर प्रदेश सरकार के लिए केवल धार्मिक आयोजन नहीं होता, वह प्रशासनिक क्षमता, स्वच्छता, सुरक्षा और सुविधाओं की परीक्षा भी होता है। यदि महाकुंभ का आयोजन सफल होता है, तो सरकार की छवि मजबूत होती है। यदि अ-व्यवस्था होती है, तो वही आयोजन सरकार के विरुद्ध एक मुद्दा बन जाता है। प्रयागराज का मतदाता संगम में स्नान भी करता है और सरकार के प्रबंधन को भी देखता है। उसके लिए धर्म और विकास का अर्थ एक ही है, व्यवस्था।
   कुंडा की रामकथा ने इस विमर्श को एक नया आयाम दिया है। कुंडा प्रतापगढ़ जिले का एक छोटा कस्बा है, किन्तु रामकथा के आयोजन ने उसे राष्ट्रीय चर्चा में ला दिया। कुंडा में आयोजित रामकथा में बड़ी संख्या में लोग जुटे, धार्मिक आयोजन हुआ, सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए और राजनीति की चर्चा भी हुई। कुंडा की रामकथा ने बताया कि उत्तर प्रदेश में धर्म का आयोजन अब केवल मंदिर तक सीमित नहीं है, वह सार्वजनिक जीवन का एक बड़ा उत्सव बन गया है। राजनीति के लिए कुंडा एक संकेत है कि छोटे स्थानों की बड़ी कथाएँ भी सत्ता के समीकरण को प्रभावित कर सकती हैं।
अब प्रश्न यह है, कि हिंदुत्व की परिभाषा क्या है ? क्या हिंदुत्व केवल मंदिर निर्माण तक सीमित है, या वह सांस्कृतिक गौरव, राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता और विकास की एक व्यापक अवधारणा है। भारतीय जनता पार्टी ने हिंदुत्व को विकास के साथ जोड़ने का प्रयास किया है। उसका नारा रहा है कि ‘विरासत भी और विकास भी।’ उसका तर्क है कि मंदिर भी बनेंगे और सड़कें भी बनेंगी, कॉरिडोर भी बनेंगे और एक्सप्रेस-वे भी बनेंगे, धामों का सौंदर्यीकरण भी होगा और उद्योग भी लगेंगे। विपक्ष का तर्क है कि धर्म का उपयोग मत के लिए किया जा रहा है और विकास के वास्तविक मुद्दे जैसे बेरोजगारी, महंगाई, पेपर लीक, किसानों की आय और शिक्षा की गुणवत्ता पीछे छूट रहे हैं।
  समाजवादी पार्टी और कांग्रेस का कहना है कि सरकार को मंदिर के साथ-साथ विद्यालय, अस्पताल और रोजगार पर भी ध्यान देना चाहिए। यह बहस २०२७ के चुनाव की केंद्रीय बहस बन सकती है। मुस्लिम मतदाताओं की रणनीति भी इस विमर्श में महत्वपूर्ण है। उत्तर प्रदेश में मुस्लिम मतदाता एक बड़ी संख्या में हैं और कई विधानसभा क्षेत्रों में उनका ‘मत निर्णायक’ होता है। मुस्लिम मतदाता के सामने भी यही प्रश्न है कि वह किस आधार पर मतदान करे। क्या वह केवल भाजपा को हराने के लिए मतदान करेगा, या वह अपनी शिक्षा, रोजगार, सुरक्षा और विकास के आधार पर मतदान करेगा। समाजवादी पार्टी लंबे समय से मुस्लिम मतों की प्रमुख दावेदार रही है, तो कांग्रेस भी मुस्लिम मतों को अपनी ओर आकर्षित करने का प्रयास करती है। बहुजन समाज पार्टी भी मुस्लिम-दलित समीकरण बनाने का प्रयास करती रही है, किन्तु मुस्लिम मतदाता अब केवल भावनात्मक अपील पर मतदान नहीं करना चाहता, वह भी विकास और सुरक्षा चाहता है।
इसलिए २०२७ का चुनाव न केवल धर्म का चुनाव होगा, न केवल विकास का चुनाव होगा, बल्कि संतुलन का चुनाव होगा। मतदाता आस्था भी चाहता है और आजीविका भी चाहता है। वह मंदिर भी चाहता है और विद्यालय भी चाहता है। वह कथा भी सुनना चाहता है और रोजगार की कथा भी लिखना चाहता है। जो दल धाम को विकास से जोड़ेगा, रामकथा को राजकथा से जोड़ेगा, संस्कृति को समरसता से जोड़ेगा और विकास को विश्वास से जोड़ेगा, वही उत्तर प्रदेश की सत्ता का सच्चा अधिकारी होगा। धर्म और विकास का यह संगम ही उत्तर प्रदेश का भविष्य तय करेगा।
====