हरिहर सिंह चौहान
इन्दौर (मध्यप्रदेश )
*******************************************
बाल दिवस विशेष….
‘बाल दिवस’ पर मुझे ऐसा लगा कि बचपन को बचाने के लिए वर्तमान में बहुत प्रयास करने की आवश्यकता है। उनके भविष्य की चिंता करना हमारी सामाजिक जिम्मेदारी है। बचपन सिर्फ होटल, रेस्टोरेंट और चाय की दुकानों तक सीमित नहीं रहना चाहिए। बचपन को चहकना चाहिए, खुशियों के इस सागर में। उन बच्चों को अच्छी से अच्छी शिक्षा की बहुत जरूरत है। भविष्य का यह बचपन अगर पढ़ा-लिखा होगा, तो भारत का नाम रोशन होगा। साक्षरता एवं शिक्षा मिशन के तहत भारत के सभी बच्चों को शिक्षा का अधिकार मिलना ही चाहिए।
सरकार तो बचपन को बचाने के लिए वचनबद्ध है। वह बाल श्रम अपराध कानून के माध्यम से जनजागरण कर ही रही है। जो भी बच्चों के साथ गलत करता है, वह अपराध की श्रेणी में आता है। कुछ नादान लोग बच्चों से काम कराते हैं, वे उन मासूमों से उनकी मासूमियत छीन रहे हैं, यह बहुत गलत है।
अभी सरकारों को बच्चों के लिए बहुत कुछ करना है। बच्चों का सबसे अनमोल पल बचपन ही है, उसे खराब होने से बचाना ही होगा।
इस ‘बाल दिवस’ पर समाज, सरकार और परिवार के सभी लोगों को बच्चों की शिक्षा के साथ सामाजिक शिक्षा और नैतिक शिक्षा भी देनी जरूरी है। उन्हें ज्ञान के प्रकाश के साथ-साथ मानवता और अच्छे व सच्चे इंसान बनाना है, तभी बाल दिवस की सार्थकता है।
बाल श्रम को रोकना केवल कानून का काम नहीं है, यह समाज के हर व्यक्ति का कर्तव्य है। जहाँ कहीं भी कोई बच्चा काम करता हुआ दिखे, हमें उसे रोकने और उसे विद्यालय तक पहुँचाने का प्रयास करना चाहिए। एक बच्चा जब किताब उठाता है, तो उसका भविष्य ही नहीं, पूरे देश का भविष्य बदल जाता है।
आइए, इस बाल दिवस पर हम सब यह संकल्प लें कि कोई भी बचपन मज़बूरी में न जीए, हर बच्चे के हाथ में किताब हो, चेहरे पर मुस्कान हो और भविष्य में उज्ज्वल सपने हों। इतना करने से ही बाल दिवस की सार्थकता है।