कुल पृष्ठ दर्शन : 11

You are currently viewing लुप्त जनचेतना

लुप्त जनचेतना

डॉ.राम कुमार झा ‘निकुंज’
बेंगलुरु (कर्नाटक)

*************************************************

लुप्त आज जनचेतना सब पर है भारी बहुत, केवल अवसरवाद।
कहाँ बोध परमार्थ श्रम, राष्ट्रवाद संवाद॥

अंबर चमके बिजुरिया, बरसे बादल घोर।
मचे तबाही बाढ़ से, कोलाहल चहुँ ओर॥

गजब मेघ की गर्जना, करता हृदय विदीर्ण।
मानो घन आतंक हो, दहशत में है जीर्ण॥

लुप्त आज जन चेतना, कहाँ करुण रस भाव।
कहाँ दर्द सम्वेदना, कहाँ क्षमा तरु छाव॥

कठिन अर्थ है तापसी, त्याग शील गुण श्रेष्ठ।
मुक्त सकल भौतिक जगत, परहित सत्पथ ज्येष्ठ॥

उदास अधर खिले खुशियाँ, होंठों पर मुस्कान।
वज़ह बने जब आप इस, सुखद भान सम्मान॥

लावारिस दीनार्त्त जन, दुखद वक्त अवसान।
कंधे को तरसे मृतक, कहाँ खड़े भगवान॥

दुनिया भौतिक सुख घिरा, फँसी कपट व्यामोह।
कहाँ भाव मैत्री हृदय, पाता सदा विछोह॥

मानवीय जन चेतना, लुप्त मनुज संसार।
फैली चहुँ हैवानियत, फैला भ्रष्टाचार॥

कहाँ भाव मातृत्व का, कहाँ नार्य सत्कार।
कहाँ सुरक्षित बेटियाँ, जीवन का आधार॥

नव प्रभात शुभ अरुणिमा, खिले नवल पुरुषार्थ।
बढ़े कदम उन्नति वतन, परहित पथ धर्मार्थ॥

मंगलमय नव भोर हो, खुशियाँ बिखरे शाम।
नीति रीति चहुँ न्याय हो, हरि पद भक्ति सुनाम॥

परिचय-डॉ.राम कुमार झा का साहित्यिक उपनाम ‘निकुंज’ है। १४ जुलाई १९६६ को दरभंगा में जन्मे डॉ. झा का वर्तमान निवास बेंगलुरु (कर्नाटक)में,जबकि स्थाई पता-दिल्ली स्थित एन.सी.आर.(गाज़ियाबाद)है। हिन्दी,संस्कृत,अंग्रेजी,मैथिली,बंगला, नेपाली,असमिया,भोजपुरी एवं डोगरी आदि भाषाओं का ज्ञान रखने वाले श्री झा का संबंध शहर लोनी(गाजि़याबाद उत्तर प्रदेश)से है। शिक्षा एम.ए.(हिन्दी, संस्कृत,इतिहास),बी.एड.,एल.एल.बी., पीएच-डी. और जे.आर.एफ. है। आपका कार्यक्षेत्र-वरिष्ठ अध्यापक (मल्लेश्वरम्,बेंगलूरु) का है। सामाजिक गतिविधि के अंतर्गत आप हिंंदी भाषा के प्रसार-प्रचार में ५० से अधिक राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय साहित्यिक सामाजिक सांस्कृतिक संस्थाओं से जुड़कर सक्रिय हैं। लेखन विधा-मुक्तक,छन्दबद्ध काव्य,कथा,गीत,लेख ,ग़ज़ल और समालोचना है। प्रकाशन में डॉ.झा के खाते में काव्य संग्रह,दोहा मुक्तावली,कराहती संवेदनाएँ(शीघ्र ही)प्रस्तावित हैं,तो संस्कृत में महाभारते अंतर्राष्ट्रीय-सम्बन्धः कूटनीतिश्च(समालोचनात्मक ग्रन्थ) एवं सूक्ति-नवनीतम् भी आने वाली है। विभिन्न अखबारों में भी आपकी रचनाएँ प्रकाशित हैं। विशेष उपलब्धि-साहित्यिक संस्था का व्यवस्थापक सदस्य,मानद कवि से अलंकृत और एक संस्था का पूर्व महासचिव होना है। इनकी लेखनी का उद्देश्य-हिन्दी साहित्य का विशेषकर अहिन्दी भाषा भाषियों में लेखन माध्यम से प्रचार-प्रसार सह सेवा करना है। पसंदीदा हिन्दी लेखक-महाप्राण सूर्यकान्त त्रिपाठी ‘निराला’ है। प्रेरणा पुंज- वैयाकरण झा(सह कवि स्व.पं. शिवशंकर झा)और डॉ.भगवतीचरण मिश्र है। आपकी विशेषज्ञता दोहा लेखन,मुक्तक काव्य और समालोचन सह रंगकर्मी की है। देश और हिन्दी भाषा के प्रति आपके विचार(दोहा)-
स्वभाषा सम्मान बढ़े,देश-भक्ति अभिमान।
जिसने दी है जिंदगी,बढ़ा शान दूँ जान॥ 
ऋण चुका मैं धन्य बनूँ,जो दी भाषा ज्ञान।
हिन्दी मेरी रूह है,जो भारत पहचान॥