कुल पृष्ठ दर्शन : 3

अधिकार के साथ कर्तव्यों के पालन करने की जिम्मेदारी भी

पद्मा अग्रवाल
बैंगलोर (कर्नाटक)
*******************************************

संविधान दिवस (२६ नवम्बर) विशेष…

२६ नवंबर का दिन संविधान निर्माताओं के योगदान को सम्मान देने और अपने अधिकारों के साथ कर्तव्यों को समझने का अवसर है। यह दिन हमें याद दिलाता है, कि भारत की एकता, अखंडता और लोकतंत्र की असली ताकत उसका संविधान है। प्रत्येक भारतीय को संविधान के मूल्यों का सम्मान करना चाहिए और एक जिम्मेदार नागरिक बनने का संकल्प लेना चाहिए।
यह दिन देश के इतिहास में बेहद महत्वपूर्ण स्थान रखता है, क्योंकि इसी २६ नवंबर को १९४९ में संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अपनाया था। भारत का संविधान दुनिया के सबसे विस्तृत लिखित संविधानों में से एक है। यह लोकतंत्र, नागरिकों के अधिकारों , कर्तव्यों और शासन व्यवस्था की मजबूत नींव है। इसी कारण इस दिन को ‘संविधान दिवस’ कहा जाता है। इस दिन को मनाने का मुख्य उद्देश्य देश के नागरिकों को संविधान के महत्व के प्रति जागरुक करना और लोकतांत्रिक मूल्यों को बढावा देना है। संविधान हमें समानता, स्वतंत्रता, न्याय एवं बंधुत्व का अधिकार देता है। इसके निर्माण में डॉ. भीमराव आम्बेडकर की महत्वपूर्ण भूमिका रही थी।  यही वजह है, कि संविधान दिवस के अवसर पर उन्हें विशेष रूप से याद किया जाता है। उन्हें ‘भारतीय संविधान का शिल्पकार’ भी कहा जाता है।
   संविधान तैयार करने में संविधान सभा के अनेक सदस्यों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया था, जो लगभग २ साल ११ महीने और १८ दिन की मेहनत के बाद तैयार हुआ। डॉ. आम्बेडकर ने संविधान में समानता, सामाजिक न्याय और मौलिक अधिकारों को विशेष महत्व दिया।
उनका प्रयास था कि प्रत्येक नागरिक को समान अवसर मिले और जाति, धर्म, लिंग या सामाजिक स्थिति के आधार पर किसी के साथ भेदभाव न हो। उनके विचारों ने भारतीय लोकतंत्र को मजबूत आधार प्रदान किया।
   संविधान दिवस केवल एक ऐतिहासिक तारीख नहीं, वरन् देश के लोकतांत्रिक मूल्यों को याद करने का अवसर भी है। भारतीय संविधान में प्रत्येक नागरिक को मौलिक अधिकार के साथ उनके कर्तव्यों का भी उल्लेख किया गया है। यह हमें अधिकार देने के साथ – साथ कर्तव्यों के पालन करने की जिम्मेदारी भी सौंपता है।
  इस दिवस पर हम सब मिल कर संकल्प लें, कि हम अपने अधिकारों के साथ-साथ अपने कर्तव्यों को भी समझेंगें और एक जिम्मेदार नागरिक बन कर देश के विकास में अपना योगदान देगें।