कुल पृष्ठ दर्शन : 251

You are currently viewing करो प्रतिज्ञा-भ्रष्टाचार मिटायेंगे

करो प्रतिज्ञा-भ्रष्टाचार मिटायेंगे

अमल श्रीवास्तव 
बिलासपुर(छत्तीसगढ़)

***********************************

नव विहान के नव प्रकाश से,
नव संसार बनायेंगे।
करो प्रतिज्ञा सारे जग से,
भ्रष्टाचार मिटायेंगे॥

देखो जिधर,उधर ही,
भ्रष्टाचार दिखाई देता है।
देश,प्रदेश,विश्व में,
अत्याचार दिखाई देता है॥
रिश्तों-नातों में केवल,
व्यापार दिखाई देता है।
झूठ,कपट,छल,छद्म-युक्त,
व्यवहार दिखाई देता है॥

क्या ऐसे ही हम ईश्वर के,
राजकुमार कहायेंगे ?
करो प्रतिज्ञा सारे जग से,
भ्रष्टाचार मिटाएंगे…॥

अहंकार,आलस,विलास,
हमको ही छलता जाता है।
पड़ी मुफ्तखोरी की लत,
पुरूषार्थ पिघलता जाता है॥
ललक लगी मन को तृष्णा की,
फंदे में कसती माया।
हँसते,मुस्काते जीवन पर,
संदेही मौसम छाया॥

सत्य,शुद्ध,सात्विक जीवन हित,
स्वागत द्वार रचाएंगे।
करो प्रतिज्ञा सारे जग से,
भ्रष्टाचार मिटाएंगे…॥

केवल कानूनों के द्वारा,
बात नहीं बनने वाली।
जब तक सोच नहीं बदलेगी,
व्यथा न यह टलने वाली॥
उभय मोर्चों में जाकर,
अब समाधान करना होगा।
दण्ड,जागरण दोनों का ही,
प्रावधान करना होगा॥

क्षुद्र वृत्ति को दूर भगाने,
सद विचार फैलाएंगे।
करो प्रतिज्ञा सारे जग से,
भ्रष्टाचार मिटाएंगे…॥

जग जाए विवेक मानव का,
तो मलीन चिन्तन त्यागे।
सत्य ग्रहण की शक्ति मिले तो,
झुके न लालच के आगे॥
धरती के कोने-कूचे में,
गाँव-शहर में जाएंगे।
गर्म हवाओं से मुरझाई,
कली-कली विकसाएंगे॥

संवेदना,समर्पण,सेवा,
की,रस धार बहायेंगे।
करो प्रतिज्ञा सारे जग से,
भ्रष्टाचार मिटाएंगे…॥

अंधकार कितना भी हो,
पर सूरज हार नहीं सकता।
कितना भी बलवान झूठ हो,
सच को मार नहीं सकता॥
अति का अंत सदा होता है,
यह भी नहीं अमर होगा।
भ्रष्ट मुक्त होगी वसुंधरा,
मर्यादित हर घर होगा॥

पतझड़ की बगिया में ही,
मधुमय उपहार सजाएंगे।
करो प्रतिज्ञा सारे जग से,
भ्रष्टाचार मिटाएंगे…॥

परिचय-प्रख्यात कवि,वक्ता,गायत्री साधक,ज्योतिषी और समाजसेवी `एस्ट्रो अमल` का वास्तविक नाम डॉ. शिव शरण श्रीवास्तव हैL `अमल` इनका उप नाम है,जो साहित्यकार मित्रों ने दिया हैL जन्म म.प्र. के कटनी जिले के ग्राम करेला में हुआ हैL गणित विषय से बी.एस-सी.करने के बाद ३ विषयों (हिंदी,संस्कृत,राजनीति शास्त्र)में एम.ए. किया हैL आपने रामायण विशारद की भी उपाधि गीता प्रेस से प्राप्त की है,तथा दिल्ली से पत्रकारिता एवं आलेख संरचना का प्रशिक्षण भी लिया हैL भारतीय संगीत में भी आपकी रूचि है,तथा प्रयाग संगीत समिति से संगीत में डिप्लोमा प्राप्त किया हैL इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ बैंकर्स मुंबई द्वारा आयोजित परीक्षा `सीएआईआईबी` भी उत्तीर्ण की है। ज्योतिष में पी-एच.डी (स्वर्ण पदक)प्राप्त की हैL शतरंज के अच्छे खिलाड़ी `अमल` विभिन्न कवि सम्मलेनों,गोष्ठियों आदि में भाग लेते रहते हैंL मंच संचालन में महारथी अमल की लेखन विधा-गद्य एवं पद्य हैL देश की नामी पत्र-पत्रिकाओं में आपकी रचनाएँ प्रकाशित होती रही हैंL रचनाओं का प्रसारण आकाशवाणी केन्द्रों से भी हो चुका हैL आप विभिन्न धार्मिक,सामाजिक,साहित्यिक एवं सांस्कृतिक संस्थाओं से जुड़े हैंL आप अखिल विश्व गायत्री परिवार के सक्रिय कार्यकर्ता हैं। बचपन से प्रतियोगिताओं में भाग लेकर पुरस्कृत होते रहे हैं,परन्तु महत्वपूर्ण उपलब्धि प्रथम काव्य संकलन ‘अंगारों की चुनौती’ का म.प्र. हिंदी साहित्य सम्मलेन द्वारा प्रकाशन एवं प्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री सुन्दरलाल पटवा द्वारा उसका विमोचन एवं छत्तीसगढ़ के प्रथम राज्यपाल दिनेश नंदन सहाय द्वारा सम्मानित किया जाना है। देश की विभिन्न सामाजिक और साहित्यक संस्थाओं द्वारा प्रदत्त आपको सम्मानों की संख्या शतक से भी ज्यादा है। आप बैंक विभिन्न पदों पर काम कर चुके हैं। बहुमुखी प्रतिभा के धनी डॉ. अमल वर्तमान में बिलासपुर (छग) में रहकर ज्योतिष,साहित्य एवं अन्य माध्यमों से समाजसेवा कर रहे हैं। लेखन आपका शौक है।

Leave a Reply