कुल पृष्ठ दर्शन : 16

You are currently viewing बनो ढाल संस्कृति वतन

बनो ढाल संस्कृति वतन

डॉ.राम कुमार झा ‘निकुंज’
बेंगलुरु (कर्नाटक)

*************************************************

आहत है मेरी कलम, देख देश गद्दार।
तुले देश को तोड़ने, देख चुनावी हार॥

आज बहुत तारक वतन, हैं कहँ तारकनाथ।
तोड़ रहे ख़ुद निज वतन, मिले पाक के साथ॥

निगरानी ख़ुद देश का, जनमत का सम्मान।
लानत है नेतागिरी, करे राष्ट्र अपमान॥

हंगामा बरपा वतन, रिफ्यूजी उपवेश।
वोट बैंक की आड़ में, लूट रहा है देश॥

गतिविधियाँँ प्रतिकूलता, साथ मिला आतंक।
आज वही अहि डँस रहा, हालाहल बन रंक॥

तोड़-जोड़ गठजोड़ मिल, फिर से बेलगाम।
ढक चोला निरपेक्षता, सुलगाते जन आम॥

द्वार बन्द हर गबन का, शून्य पड़ा अब कोष।
आकुल मन लूटा चमन, दिखलाते अब रोष॥

धर्म-जाति के नाम पर, डाल रहे घृत आग।
सुना पाक मदमस्त है, फिर कश्मीरी राग॥

खण्डित हो समरस वतन, नित मरते बेकसूर।
पर लोभी नेतागिरी, है आदत मज़बूर॥

बने सख्त कानून अब, कँपे रूह गद्दार।
सड़े कैद बिन मौत के, वोट बैंक सरदार॥

सिहर रहा हिंसा वतन, दहला लेख ‘निकुंज’।
करो अंत नासूर का, भारत जय चहुँ गुँज॥

कलम बनो तलवार फिर, भरो युवा मन जोश।
बनो ढाल संस्कृति वतन, उड़े देश रिपु होश॥

परिचय-डॉ.राम कुमार झा का साहित्यिक उपनाम ‘निकुंज’ है। १४ जुलाई १९६६ को दरभंगा में जन्मे डॉ. झा का वर्तमान निवास बेंगलुरु (कर्नाटक)में,जबकि स्थाई पता-दिल्ली स्थित एन.सी.आर.(गाज़ियाबाद)है। हिन्दी,संस्कृत,अंग्रेजी,मैथिली,बंगला, नेपाली,असमिया,भोजपुरी एवं डोगरी आदि भाषाओं का ज्ञान रखने वाले श्री झा का संबंध शहर लोनी(गाजि़याबाद उत्तर प्रदेश)से है। शिक्षा एम.ए.(हिन्दी, संस्कृत,इतिहास),बी.एड.,एल.एल.बी., पीएच-डी. और जे.आर.एफ. है। आपका कार्यक्षेत्र-वरिष्ठ अध्यापक (मल्लेश्वरम्,बेंगलूरु) का है। सामाजिक गतिविधि के अंतर्गत आप हिंंदी भाषा के प्रसार-प्रचार में ५० से अधिक राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय साहित्यिक सामाजिक सांस्कृतिक संस्थाओं से जुड़कर सक्रिय हैं। लेखन विधा-मुक्तक,छन्दबद्ध काव्य,कथा,गीत,लेख ,ग़ज़ल और समालोचना है। प्रकाशन में डॉ.झा के खाते में काव्य संग्रह,दोहा मुक्तावली,कराहती संवेदनाएँ(शीघ्र ही)प्रस्तावित हैं,तो संस्कृत में महाभारते अंतर्राष्ट्रीय-सम्बन्धः कूटनीतिश्च(समालोचनात्मक ग्रन्थ) एवं सूक्ति-नवनीतम् भी आने वाली है। विभिन्न अखबारों में भी आपकी रचनाएँ प्रकाशित हैं। विशेष उपलब्धि-साहित्यिक संस्था का व्यवस्थापक सदस्य,मानद कवि से अलंकृत और एक संस्था का पूर्व महासचिव होना है। इनकी लेखनी का उद्देश्य-हिन्दी साहित्य का विशेषकर अहिन्दी भाषा भाषियों में लेखन माध्यम से प्रचार-प्रसार सह सेवा करना है। पसंदीदा हिन्दी लेखक-महाप्राण सूर्यकान्त त्रिपाठी ‘निराला’ है। प्रेरणा पुंज- वैयाकरण झा(सह कवि स्व.पं. शिवशंकर झा)और डॉ.भगवतीचरण मिश्र है। आपकी विशेषज्ञता दोहा लेखन,मुक्तक काव्य और समालोचन सह रंगकर्मी की है। देश और हिन्दी भाषा के प्रति आपके विचार(दोहा)-
स्वभाषा सम्मान बढ़े,देश-भक्ति अभिमान।
जिसने दी है जिंदगी,बढ़ा शान दूँ जान॥ 
ऋण चुका मैं धन्य बनूँ,जो दी भाषा ज्ञान।
हिन्दी मेरी रूह है,जो भारत पहचान॥