कुल पृष्ठ दर्शन : 6

You are currently viewing सलिल सरिता विमल

सलिल सरिता विमल

डॉ.राम कुमार झा ‘निकुंज’
बेंगलुरु (कर्नाटक)

*************************************************

बहे सलिल सरिता विमल, समझो जीवन रत्न।
सींच धरा रच उर्वरा, सफल किसान प्रयत्न॥

तरंगिणी अविरल बहे, सींचे विश्व जमीन।
शस्य श्यामला हरितिमा, सुलभ धनी अरु दीन॥

तटिनी दुनिया हजारों, बहती निर्मल धार।
गिरतीं चट्टानों शिखर, दर्रे घाटी मार॥

सरिता जीवन दायिनी, सदा बुझाती प्यास।
गिरि झरने पोखर कुआँ, सलिला भरे मिठास॥

सप्तपदी भारत धरा, पापहारिणी लोक।
अवगाहन जल पुण्यदा, मिटती विपदा शोक॥

भयावनी दरिया बहे, होती घन बरसात।
बहे हजारों गाँव जल, शहरों पर आघात॥

प्रवाहिनी चहुँ आपदा, धरी भयावह रूप।
तहस-नहस खेती फसल, भरे सरोवर कूप॥

कहीं निम्नगा बह चली, कहीं दिखाती वेग।
कहीं तरंगों उछलतीं, जलप्रवाह उद्वेग॥

निर्झरिणी नित कर्तना, रेतों का व्यापार।
कहर बाढ़ का मचाती, चहुँ दिशि हाहाकार॥

कुपिता होतीं शैलजा, जलप्लावन घनघोर।
धारा जलमाला विकट, विभीषिका चहुँ शोर॥

ब्रहमपुत्र नद दीर्घतर, रूप महा विकराल।
बहे पूर्व भारत धरा, बाढ़ बने वह काल॥

पावन जल शैवालिनी, तनूजा रूप विशाल।
अमृत जल स्रोतस्विनी, जीव जन्तु खुशहाल॥

कूलंकषा परहित बहे, सहे विषम दुख राह।
गजब संयमित वारि सरि, पूर्ण करे जन चाह॥

रक्षण जल सारंग का, सलिल वाहिनी लाज।
प्राणी जग संजीवनी, सप्तसिन्धु तनु साज॥

परिचय-डॉ.राम कुमार झा का साहित्यिक उपनाम ‘निकुंज’ है। १४ जुलाई १९६६ को दरभंगा में जन्मे डॉ. झा का वर्तमान निवास बेंगलुरु (कर्नाटक)में,जबकि स्थाई पता-दिल्ली स्थित एन.सी.आर.(गाज़ियाबाद)है। हिन्दी,संस्कृत,अंग्रेजी,मैथिली,बंगला, नेपाली,असमिया,भोजपुरी एवं डोगरी आदि भाषाओं का ज्ञान रखने वाले श्री झा का संबंध शहर लोनी(गाजि़याबाद उत्तर प्रदेश)से है। शिक्षा एम.ए.(हिन्दी, संस्कृत,इतिहास),बी.एड.,एल.एल.बी., पीएच-डी. और जे.आर.एफ. है। आपका कार्यक्षेत्र-वरिष्ठ अध्यापक (मल्लेश्वरम्,बेंगलूरु) का है। सामाजिक गतिविधि के अंतर्गत आप हिंंदी भाषा के प्रसार-प्रचार में ५० से अधिक राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय साहित्यिक सामाजिक सांस्कृतिक संस्थाओं से जुड़कर सक्रिय हैं। लेखन विधा-मुक्तक,छन्दबद्ध काव्य,कथा,गीत,लेख ,ग़ज़ल और समालोचना है। प्रकाशन में डॉ.झा के खाते में काव्य संग्रह,दोहा मुक्तावली,कराहती संवेदनाएँ(शीघ्र ही)प्रस्तावित हैं,तो संस्कृत में महाभारते अंतर्राष्ट्रीय-सम्बन्धः कूटनीतिश्च(समालोचनात्मक ग्रन्थ) एवं सूक्ति-नवनीतम् भी आने वाली है। विभिन्न अखबारों में भी आपकी रचनाएँ प्रकाशित हैं। विशेष उपलब्धि-साहित्यिक संस्था का व्यवस्थापक सदस्य,मानद कवि से अलंकृत और एक संस्था का पूर्व महासचिव होना है। इनकी लेखनी का उद्देश्य-हिन्दी साहित्य का विशेषकर अहिन्दी भाषा भाषियों में लेखन माध्यम से प्रचार-प्रसार सह सेवा करना है। पसंदीदा हिन्दी लेखक-महाप्राण सूर्यकान्त त्रिपाठी ‘निराला’ है। प्रेरणा पुंज- वैयाकरण झा(सह कवि स्व.पं. शिवशंकर झा)और डॉ.भगवतीचरण मिश्र है। आपकी विशेषज्ञता दोहा लेखन,मुक्तक काव्य और समालोचन सह रंगकर्मी की है। देश और हिन्दी भाषा के प्रति आपके विचार(दोहा)-
स्वभाषा सम्मान बढ़े,देश-भक्ति अभिमान।
जिसने दी है जिंदगी,बढ़ा शान दूँ जान॥ 
ऋण चुका मैं धन्य बनूँ,जो दी भाषा ज्ञान।
हिन्दी मेरी रूह है,जो भारत पहचान॥