डॉ.राम कुमार झा ‘निकुंज’
बेंगलुरु (कर्नाटक)
*************************************************
जीवन है अनमोल धरोहर, इसे संवारें-इसे संजोएँ,
पल-पल जीएँ दुर्लभ चिन्तन, देश धर्म पुरुषार्थ रचाएँ।
खुले द्वार पथ लक्ष्य अटल रथ संकल्पित संकल्प दिखाएँ,
सुखद वक्त दुर्लभ हो जीवन, खुशियों का अम्बार लगाएँ।
है असीम अभिलाष हृदय तल, अन्तर्मन विश्वास दिलाएँ,
एकनिष्ठ हो ध्येय दृष्टि पथ, अरुणोदय अरुणाभ दिखाएँ।
कर्मवीर ध्यानस्थ मनोबल सुमति विवेक संयम अपनाएँ,
त्याग शील गुण कर्म मनोहर, सदाचार संस्कार दिखाएँ।
अनमोल ज्ञान सुकीर्ति विधायक, निशिकांत की कान्ति दिखाएँ,
कौलिक मर्यादित सत्पथ, संस्कार संस्कृति अपनाएँ।
कालचक्र के काल गाल कब विकराल अधर जाने खुल जाएँ,
मिले जो लम्हें जीओ दिलकश, परमारथ संवेद दिखाएँ।
राष्ट्रधर्म सेवा अविरत मन, निर्माणक सहयोग दिखाएँ,
कहाँ सरल सहजत्व ज़िंदगी, बिन बाधा संघर्ष बताएँ।
यायावर हमसफ़र निरन्तर, गिरकर उठते सफल बनाएँ,
निंदा स्तुति बिन बढ़ना ही, संजीवन इतिहास रचाएँ।
अधिकारी कर्त्तव्य पारायण, सार्थ पार्थ रणधीर बनाएँ,
विजय गान भारत हो चहुँमुख, तकनीकों तकदीर बनाएँ।
मान दान सम्मान सुयश सुख, रिश्तों अपनापन दिखलाएँ।
रीति नीति इंसाफ़ आमजन, मीत गीत अनमोल बनाएँ॥
परिचय-डॉ.राम कुमार झा का साहित्यिक उपनाम ‘निकुंज’ है। १४ जुलाई १९६६ को दरभंगा में जन्मे डॉ. झा का वर्तमान निवास बेंगलुरु (कर्नाटक)में,जबकि स्थाई पता-दिल्ली स्थित एन.सी.आर.(गाज़ियाबाद)है। हिन्दी,संस्कृत,अंग्रेजी,मैथिली,बंगला, नेपाली,असमिया,भोजपुरी एवं डोगरी आदि भाषाओं का ज्ञान रखने वाले श्री झा का संबंध शहर लोनी(गाजि़याबाद उत्तर प्रदेश)से है। शिक्षा एम.ए.(हिन्दी, संस्कृत,इतिहास),बी.एड.,एल.एल.बी., पीएच-डी. और जे.आर.एफ. है। आपका कार्यक्षेत्र-वरिष्ठ अध्यापक (मल्लेश्वरम्,बेंगलूरु) का है। सामाजिक गतिविधि के अंतर्गत आप हिंंदी भाषा के प्रसार-प्रचार में ५० से अधिक राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय साहित्यिक सामाजिक सांस्कृतिक संस्थाओं से जुड़कर सक्रिय हैं। लेखन विधा-मुक्तक,छन्दबद्ध काव्य,कथा,गीत,लेख ,ग़ज़ल और समालोचना है। प्रकाशन में डॉ.झा के खाते में काव्य संग्रह,दोहा मुक्तावली,कराहती संवेदनाएँ(शीघ्र ही)प्रस्तावित हैं,तो संस्कृत में महाभारते अंतर्राष्ट्रीय-सम्बन्धः कूटनीतिश्च(समालोचनात्मक ग्रन्थ) एवं सूक्ति-नवनीतम् भी आने वाली है। विभिन्न अखबारों में भी आपकी रचनाएँ प्रकाशित हैं। विशेष उपलब्धि-साहित्यिक संस्था का व्यवस्थापक सदस्य,मानद कवि से अलंकृत और एक संस्था का पूर्व महासचिव होना है। इनकी लेखनी का उद्देश्य-हिन्दी साहित्य का विशेषकर अहिन्दी भाषा भाषियों में लेखन माध्यम से प्रचार-प्रसार सह सेवा करना है। पसंदीदा हिन्दी लेखक-महाप्राण सूर्यकान्त त्रिपाठी ‘निराला’ है। प्रेरणा पुंज- वैयाकरण झा(सह कवि स्व.पं. शिवशंकर झा)और डॉ.भगवतीचरण मिश्र है। आपकी विशेषज्ञता दोहा लेखन,मुक्तक काव्य और समालोचन सह रंगकर्मी की है। देश और हिन्दी भाषा के प्रति आपके विचार(दोहा)-
स्वभाषा सम्मान बढ़े,देश-भक्ति अभिमान।
जिसने दी है जिंदगी,बढ़ा शान दूँ जान॥
ऋण चुका मैं धन्य बनूँ,जो दी भाषा ज्ञान।
हिन्दी मेरी रूह है,जो भारत पहचान॥