दिल्ली।
मंडी हाउस में १४ जनवरी को साहित्य अकादमी के सभागार में पं. तिलकराज शर्मा स्मृति न्यास व संयुक्त राज्य अमेरिका के तत्वावधान में ‘सम्मान समारोह एवं पुस्तक लोकार्पण-२०२६’ का आयोजन किया गया। अध्यक्षता वरिष्ठ साहित्यकार बी.एल. गौड़ ने की। मुख्य अतिथि साहित्यकार डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ उपस्थित रहे।
विशिष्ट अतिथियों में भोपाल विश्व रंग के संस्थापक एवं वरिष्ठ साहित्यकार संतोष चौबे, पं. तिलकराज स्मृति न्यास के अध्यक्ष इंद्रजीत शर्मा तथा इंडोनेशिया के साहित्यकार रसाचार्य ई. मादे धर्मयश रहे। शुभारंभ पं. तिलकराज शर्मा के चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित करके हुआ। उसके बाद पद्मभूषण राम बहादुर राय को न्यास के अध्यक्ष इंद्रजीत शर्मा और विभूतियों द्वारा न्यास के सर्वोच्च सम्मान के अंतर्गत माल्यार्पण, प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति चिन्ह सहित १ लाख १ हजार ₹ की राशि दी गई। मंचासीन गणमान्य व्यक्तित्वों का भी सम्मान किया गया। इंद्रजीत शर्मा ने न्यास के अंतर्गत गतिविधियों का विवरण प्रस्तुत किया। डॉ. पोखरियाल व श्री गौड़ ने अपने और राम बहादुर राय के व्यक्तिगत जीवन से जुड़े रोचक संस्मरण पर बात की।
संचालन साहित्यकार डॉ. विवेक गौतम ने किया। विपिन गुप्ता ने सभी विद्वतजनों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।