वाराणसी (उप्र)।
डॉ. शम्भुनाथ सिंह नवगीत पुरस्कार २०२६ हेतु प्रयागराज के यश मालवीय और लखनऊ के रविशंकर पाण्डेय के नामों की घोषणा की गयी है। यह पुरस्कार काशी में दिए जाएंगे।
डॉ. शम्भुनाथ सिंह रिसर्च फाउंडेशन के महासचिव राजीव कुमार सिंह ने उक्त नामों की घोषणा करते हुए बताया कि डॉ. बुद्धिनाथ मिश्र के संयोजकत्व एवं डॉ. इन्दीवर, डॉ. उमेश प्रसाद सिंह व सुरेन्द्र वाजपेयी की सदस्यता वाली चयन समिति ने प्राप्त २० प्रविष्टियों में से मानकों के आधार पर यश मालवीय की कृति ‘काशी नहीं जुलाहे की’ और श्री पाण्डेय की कृति ‘समय से रहती ठनी’ को संयुक्त रूप से चयनित किया है।
चयनित नवगीतकारों को ११ हजार ₹, प्रशस्ति-पत्र, अंगवस्त्र आदि वाराणसी स्थित महात्मा गाँधी काशी विद्यापीठ केन्द्रीय पुस्तकालय के समिति कक्ष सभागार में दिया जाएगा।