अजय जैन ‘विकल्प’
इंदौर (मध्यप्रदेश)
************************************
बाल दिवस विशेष…
बच्चा नहीं, एक छोटा-सा दीपक है वो,
अँधेरे में भी रोशनी का नन्हा जगनू है वो।
उसके हाथ में पुस्तक दो, या एक छोटा-सा सपना,
वह मिट्टी से भी बना लेगा आसमाँ अपना।
मत रोको उसको, गिरने दो, उठने दो,
मजा आएगा, जरा उसे भूल से ही सीखने दो।
चाचा नेहरू कहते थे,-बच्चे देश का कल हैं,
पर सच यह है, बच्चा आज का ही हल है।
यंत्र कम, उसको बस अधिक समय दो,
सुनो उसके प्रश्न को, हँसी में मत टाल दो।
जो बच्चा आज खुलकर हँस पाएगा,
वही कल दुनिया को रास्ता दिखाएगा।
सुनो, बचपन को बचपन ही रहने दो,
उसके सपनों को पंख दो, जरा उड़ने दो॥