डॉ.राम कुमार झा ‘निकुंज’
बेंगलुरु (कर्नाटक)
*************************************************
संविधान दिवस (२६ नवम्बर) विशेष…
संवैधानिक आदर्शों, राजनीतिक स्वार्थों और राष्ट्रीय अस्मिता के अन्तर्द्वन्द्व का आत्ममंथन के आधार पर संविधान दिवस और भारतीय लोकतंत्र का मूल्यांकन विचारणीय समझता हूँ।
भारत का संविधान केवल शासन संचालन की नियमावली नहीं, अपितु सहस्राब्दियों की सभ्यतागत चेतना, सांस्कृतिक विविधता और आधुनिक लोकतांत्रिक आकांक्षाओं का राष्ट्रीय संकल्प है। २६ नवम्बर १९४९ को अंगीकृत और २६ जनवरी १९५० को लागू हुआ यह संविधान भारत के प्रत्येक नागरिक को न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुता का आश्वासन देता है, किन्तु प्रश्न है कि ७७ वर्षों की इस संवैधानिक यात्रा में हमने इन आदर्शों को कितना आत्मसात किया है ?
बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर और संविधान सभा ने सामाजिक विषमता तथा ऐतिहासिक अन्याय के परिमार्जन के लिए विशेष प्रावधानों की व्यवस्था की। यहाँ एक ऐतिहासिक तथ्य समझना आवश्यक है। मूल अनुच्छेद ३३४ में अनुसूचित जातियों और जनजातियों के लिए लोकसभा तथा विधानसभाओं में राजनीतिक प्रतिनिधित्व के आरक्षण की अवधि १० वर्ष निर्धारित थी। यह शिक्षा और सरकारी नौकरियों में आरक्षण की समाप्ति की समय सीमा नहीं थी। अनुच्छेद १५(४), १६(४) तथा अन्य प्रावधानों के अंतर्गत सामाजिक एवं शैक्षणिक पिछड़ेपन के निवारण के उपाय अलग हैं। विडम्बना यह है, कि सामाजिक न्याय का साधन कहीं-कहीं स्थायी चुनावी समीकरण और जातिगत राजनीतिक ध्रुवीकरण का माध्यम बनता दिखाई देता है। आरक्षण की समीक्षा का उद्देश्य वंचितों के अधिकार छीनना नहीं, बल्कि वास्तविक लाभार्थियों तक अवसर पहुँचाना और सामाजिक समरसता स्थापित करना होना चाहिए।
इसी प्रकार ४२वें संविधान संशोधन, १९७६ द्वारा श्रीमती इंदिरा गांधी के प्रधानमंत्रित्व काल में संविधान की प्रस्तावना में ‘समाजवादी’ और ‘पंथनिरपेक्ष’ शब्द जोड़े गए। आपातकाल की राजनीतिक पृष्ठभूमि में हुआ यह संशोधन आज भी राजनीतिक विमर्श का विषय है। इसके राजनीतिक निहितार्थों पर प्रश्न उठाना नागरिक अधिकार है, किन्तु यह भी तथ्य है कि धर्मनिरपेक्षता और सामाजिक न्याय की भावना संविधान में पहले से विद्यमान थी। सर्वोच्च न्यायालय ने २०२४ में इन शब्दों को प्रस्तावना में सम्मिलित किए जाने की संवैधानिक वैधता भी बरकरार रखी।
धर्मनिरपेक्षता का अर्थ किसी धर्म का तुष्टीकरण अथवा विरोध नहीं, बल्कि सभी आस्थाओं के प्रति राज्य की निष्पक्षता और नागरिकों के प्रति समान व्यवहार है।
अनुच्छेद १४ समानता, १५ भेदभाव का निषेध, १६ सार्वजनिक रोजगार में समान अवसर, १९ अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और अनुच्छेद २१ गरिमापूर्ण जीवन का अधिकार सुनिश्चित करते हैं। अनुच्छेद २५ से २८ धार्मिक स्वतंत्रता तथा अनुच्छेद २९ और ३० भाषायी एवं सांस्कृतिक अल्पसंख्यकों के अधिकारों की रक्षा करते हैं, किन्तु आज प्रश्न है कि क्या इन अधिकारों का निर्वहन निष्पक्षता से हो रहा है ? क्या अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता विचारों की निर्भीकता है अथवा राजनीतिक सुविधा के अनुसार चयनित स्वतंत्रता ? असहमति लोकतंत्र की शक्ति है, पर हिंसा, घृणा और राष्ट्र-विखंडन को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का पर्याय नहीं बनाया जा सकता, साथ ही, सरकार की आलोचना को राष्ट्र विरोध कहना भी लोकतांत्रिक मर्यादा के प्रतिकूल है।
भाषा के प्रश्न पर भी हमारा आचरण आत्मविरोधी है। हिन्दी, संस्कृत, मैथिली, तमिल, बांग्ला, असमिया, मराठी, कन्नड़, तेलुगु और अन्य भारतीय भाषाएँ हमारी साझा सांस्कृतिक विरासत हैं। अनुच्छेद ३४३ संघ की राजभाषा हिन्दी और देवनागरी लिपि का प्रावधान करता है; अनुच्छेद ३४५ राज्यों को अपनी राजभाषा निर्धारित करने का अधिकार देता है। इसलिए भाषा को संघर्ष का नहीं, संवाद और राष्ट्रीय एकात्मता का सेतु बनना चाहिए।
भारत का संघीय ढाँचा भी हमारी एकता का आधार है। अनुच्छेद १ भारत को राज्यों का संघ घोषित करता है। अनुच्छेद २४६ और सातवीं अनुसूची संघ, राज्य तथा समवर्ती सूचियों के माध्यम से विधायी शक्तियों का वितरण करती हैं। अनुच्छेद ३५६ संवैधानिक तंत्र की विफलता की स्थिति से संबंधित है, न कि केंद्र की राजनीतिक असहमति का सामान्य हथियार। संसद और न्यायपालिका लोकतंत्र के २ महत्वपूर्ण स्तम्भ हैं। न्यायपालिका की निष्पक्षता, संसद की उत्तरदायित्वपूर्ण कार्य-शैली और कार्यपालिका की संवैधानिक मर्यादा ही लोकतंत्र का वास्तविक आधार हैं।
हजारों वर्षों की भारतीय सभ्यता ने अनेक आक्रमण, सत्ता परिवर्तन, संघर्ष, लूट और सांस्कृतिक चुनौतियाँ झेली हैं। इन ऐतिहासिक अनुभवों को विस्मृत नहीं किया जा सकता, किन्तु हमारा राष्ट्रीय चरित्र प्रतिशोध नहीं, सांस्कृतिक आत्मविश्वास, पुनर्निर्माण और सहअस्तित्व होना चाहिए। सनातन परम्परा की उदारता, उपनिषदों की विश्वबंधुत्व दृष्टि और विविधता में एकता का भारतीय दर्शन हमारी अमूल्य विरासत है।
आज जाति, धर्म, भाषा और क्षेत्र के नाम पर बढ़ती वैमनस्यता, अलगाववादी प्रवृत्तियाँ, राजनीतिक अवसरवाद, संस्थाओं के प्रति अविश्वास और नागरिक कर्तव्यों की उपेक्षा संविधान की आत्मा को आहत करती हैं। अनुच्छेद ५१ए प्रत्येक नागरिक को संविधान के आदर्शों का सम्मान, राष्ट्र की संप्रभुता एवं अखंडता की रक्षा, सद्भाव का संवर्धन और समन्वित संस्कृति की विरासत सुरक्षित रखने का दायित्व सौंपता है।
संविधान दिवस केवल उत्सव, भाषण और औपचारिक शपथ का अवसर नहीं, बल्कि राष्ट्रीय आत्मपरीक्षण का दिवस होना चाहिए। संविधान की रक्षा किसी दल, विचारधारा अथवा सत्ता प्रतिष्ठान की बपौती नहीं; यह १४० करोड़ भारतीयों की साझी जिम्मेदारी है। हमें ऐसा भारत चाहिए- जहाँ न जाति अधिकारों की बाधा बने, न धर्म राजनीतिक हथियार, न भाषा विभाजन का कारण और न सत्ता संविधान से ऊपर हो।
संविधान की आत्मा तभी सुरक्षित होगी, जब नागरिक अधिकारों के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करें, सत्ता मर्यादित रहे, न्याय निर्भीक हो और राजनीति राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखे।
राष्ट्र प्रथम, संविधान सर्वोपरि और मानवता हमारा शाश्वत धर्म हो—यही भारतीय लोकतंत्र की सार्थकता और संविधान दिवस का वास्तविक संदेश है।
परिचय-डॉ.राम कुमार झा का साहित्यिक उपनाम ‘निकुंज’ है। १४ जुलाई १९६६ को दरभंगा में जन्मे डॉ. झा का वर्तमान निवास बेंगलुरु (कर्नाटक)में,जबकि स्थाई पता-दिल्ली स्थित एन.सी.आर.(गाज़ियाबाद)है। हिन्दी,संस्कृत,अंग्रेजी,मैथिली,बंगला, नेपाली,असमिया,भोजपुरी एवं डोगरी आदि भाषाओं का ज्ञान रखने वाले श्री झा का संबंध शहर लोनी(गाजि़याबाद उत्तर प्रदेश)से है। शिक्षा एम.ए.(हिन्दी, संस्कृत,इतिहास),बी.एड.,एल.एल.बी., पीएच-डी. और जे.आर.एफ. है। आपका कार्यक्षेत्र-वरिष्ठ अध्यापक (मल्लेश्वरम्,बेंगलूरु) का है। सामाजिक गतिविधि के अंतर्गत आप हिंंदी भाषा के प्रसार-प्रचार में ५० से अधिक राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय साहित्यिक सामाजिक सांस्कृतिक संस्थाओं से जुड़कर सक्रिय हैं। लेखन विधा-मुक्तक,छन्दबद्ध काव्य,कथा,गीत,लेख ,ग़ज़ल और समालोचना है। प्रकाशन में डॉ.झा के खाते में काव्य संग्रह,दोहा मुक्तावली,कराहती संवेदनाएँ(शीघ्र ही)प्रस्तावित हैं,तो संस्कृत में महाभारते अंतर्राष्ट्रीय-सम्बन्धः कूटनीतिश्च(समालोचनात्मक ग्रन्थ) एवं सूक्ति-नवनीतम् भी आने वाली है। विभिन्न अखबारों में भी आपकी रचनाएँ प्रकाशित हैं। विशेष उपलब्धि-साहित्यिक संस्था का व्यवस्थापक सदस्य,मानद कवि से अलंकृत और एक संस्था का पूर्व महासचिव होना है। इनकी लेखनी का उद्देश्य-हिन्दी साहित्य का विशेषकर अहिन्दी भाषा भाषियों में लेखन माध्यम से प्रचार-प्रसार सह सेवा करना है। पसंदीदा हिन्दी लेखक-महाप्राण सूर्यकान्त त्रिपाठी ‘निराला’ है। प्रेरणा पुंज- वैयाकरण झा(सह कवि स्व.पं. शिवशंकर झा)और डॉ.भगवतीचरण मिश्र है। आपकी विशेषज्ञता दोहा लेखन,मुक्तक काव्य और समालोचन सह रंगकर्मी की है। देश और हिन्दी भाषा के प्रति आपके विचार(दोहा)-
स्वभाषा सम्मान बढ़े,देश-भक्ति अभिमान।
जिसने दी है जिंदगी,बढ़ा शान दूँ जान॥
ऋण चुका मैं धन्य बनूँ,जो दी भाषा ज्ञान।
हिन्दी मेरी रूह है,जो भारत पहचान॥