कुल पृष्ठ दर्शन : 1

कोटा में मिलेगा डॉ. विकास दवे को प्रतिष्ठित सारस्वत सम्मान

कोटा (राजस्थान)।

भारतेंदु हरिश्चन्द्र जयंती महोत्सव एवं भारतेंदु समिति के शताब्दी समारोह के अवसर पर मध्यप्रदेश साहित्य अकादमी, भोपाल के निदेशक एवं वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. विकास दवे को प्रतिष्ठित आचार्य हनुमान प्रसाद सक्सेना स्मृति अखिल भारतीय साहित्य सेवा सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। इसी माह ९ सितम्बर को होने वाले इस समारोह में उल्लेखनीय योगदान देने वाले अनेक साहित्यकारों और कलाकारों का सम्मान किया जाएगा।
    जानकारी के अनुसार डॉ. दवे को दिया जाने वाला यह सम्मान हिंदी साहित्य और भारतीय संस्कृति के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान व साहित्यिक-सांस्कृतिक गतिविधियों को निरंतर प्रोत्साहित करने के लिए दिया जा रहा है। समिति का यह प्रतिष्ठित सम्मान विभिन्न भारतीय भाषाओं और अहिंदी भाषी क्षेत्रों में हिंदी के प्रचार-प्रसार एवं साहित्य सेवा के लिए समर्पित व्यक्तित्वों-स्वामी रामदेव, जैनम श्री, पं. सुरेश तांतेड़ तथा श्याम देवपुरा आदि को दिया गया है।
   इस समारोह में मुंबई निवासी डॉ. विपुल सक्सेना को भी सम्मानित करने के साथ ही उनकी पुस्तक का विमोचन भी किया जाएगा। राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त वरिष्ठ इतिहासकार प्रो. मोहनलाल साहू को ‘साहित्य सूत्रधार सम्मान’ से विभूषित किया जाएगा। संगीत विदुषी डॉ. संगीता सक्सेना की पुस्तक ‘सांगीतिक काव्य के अद्वितीय रचनाकार पंडित रामाश्रय झा रामरंग’ का विमोचन भी होगा, तो लघुकथाकार विजय शर्मा को ‘साहित्य श्री सम्मान’ एवं आस्था सक्सेना को ‘स्वर सुधा श्री सम्मान’ से सम्मानित किया जाएगा।