कुल पृष्ठ दर्शन :

‘वसुधा वंदन’ लोकार्पित, अनेक रचनाकार सम्मानित

लखनऊ (उप्र)।

नवाबों की नगरी स्थित प्रेस क्लब में नामचीन साहित्यकारों के सारस्वत संगम के बीच अनेक कवियों और लेखकों को सम्मानित किया गया। इसी अवसर पर कविता प्रभा राष्ट्रीय साहित्य समूह के साझा काव्य संग्रह ‘वसुधा वंदन’ का लोकार्पण किया गया।
 अक्षय तृतीया के मौके पर मनहर काव्यपाठ और नाट्य प्रस्तुति के इस समारोह का संयोजन समूह प्रधान प्रसिद्ध साहित्यकार डॉ. कविता सिंह ‘प्रभा’ (दिल्ली) ने किया। उद्घाटन कार्यक्रम अध्यक्ष प्रो. (डॉ.) उषा वाजपेई, मुख्य अतिथि डॉ. शोभा दीक्षित ‘भावना’, साहित्यकार चंद्र देव दीक्षित ‘चंद्र’, अति विशिष्ट अतिथि शायर इरशाद राही, अति विशिष्ट अतिथि सुनील कुमार वाजपेई, ग्रुप कैप्टन अखिलेश कुमार सिंह, डॉ. अमरेन्द्र वर्मा और राकेश द्विवेदी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। ‘प्रभा’ ने गणपति वंदन और कवयित्री प्रीति द्विवेदी ने माँ शारदे का वंदन किया। तत्पश्चात ‘प्रभा’ ने समूह की साहित्यिक गतिविधियों की रिपोर्ट प्रस्तुत की। मंचासीन साहित्यकारों ने संग्रह ‘वसुधा वंदन’ का लोकार्पण करते हुए कहा कि यह प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण को समर्पित कालजयी पुस्तक है। अगले सत्र में डॉ. साधना मिश्रा, श्रीश चंद्र दीक्षित, संदीपिका दीक्षित व अनीता मिश्रा ‘आरजू’ आदि साहित्यकारों को सम्मानित किया गया।
   मंच संचालन कवयित्री डॉ. राधा बिष्ट और डॉ. किरन दयाल ने किया। ‘प्रभा’ ने धन्यवाद ज्ञापन दिया।