डॉ.राम कुमार झा ‘निकुंज’
बेंगलुरु (कर्नाटक)
*************************************************
करें सुश्रुषा मातु-पिता की,सन्तति का कर्त्तव्य निभाएँ
निशिवासर सन्तान समर्पित, मातु- पिता जीवन यश गाएँ।
तनिक क्लेश हो असहिष्णुता सन्तानों को नित सहलाए,
कर्जदार हम जीवनभर उस मातु- पिता प्रति शीश नवाएँ।
विस्तृत नभ-सा छत्र पिता बन सन्तति जीवन सदा बचाए,
जननी ममतांचल संजोए निज सीने का दूध पिलाए।
क्षमा दया करुणार्द्र स्नेह रस नैन युगल सन्तान नहाए,
करो सुश्रुषा जीवनदाता प्रेम शान्ति जीवन सुख लाए।
शत-शत नमन सेवित निशि दिन मातु-पिता आशीष दिलाए,
कर्मवीर संग्राम जिंदगी सहे अनादर अपयश पाए।
नहीं तनिक भी चोट सहे वे सन्तानों मुख खुशियाँ लाए,
करो सुशुषा अविरत मनसा मातृ- पितृ का कर्ज चुकाएँ।
धरती सम हो जननी सन्तति अम्बर तुल्य पिता कहलाए,
संवेदित अवसाद दर्द सह ममता प्रेम नित अश्रु बहाए।
देवतुल्य हैं पूज्य पिता-माँ मानसरोवर क्षीर, नहाए।
अश्रु नीर संजीवन अमृत क्या सुश्रुषा हम कर पाएँ॥
परिचय-डॉ.राम कुमार झा का साहित्यिक उपनाम ‘निकुंज’ है। १४ जुलाई १९६६ को दरभंगा में जन्मे डॉ. झा का वर्तमान निवास बेंगलुरु (कर्नाटक)में,जबकि स्थाई पता-दिल्ली स्थित एन.सी.आर.(गाज़ियाबाद)है। हिन्दी,संस्कृत,अंग्रेजी,मैथिली,बंगला, नेपाली,असमिया,भोजपुरी एवं डोगरी आदि भाषाओं का ज्ञान रखने वाले श्री झा का संबंध शहर लोनी(गाजि़याबाद उत्तर प्रदेश)से है। शिक्षा एम.ए.(हिन्दी, संस्कृत,इतिहास),बी.एड.,एल.एल.बी., पीएच-डी. और जे.आर.एफ. है। आपका कार्यक्षेत्र-वरिष्ठ अध्यापक (मल्लेश्वरम्,बेंगलूरु) का है। सामाजिक गतिविधि के अंतर्गत आप हिंंदी भाषा के प्रसार-प्रचार में ५० से अधिक राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय साहित्यिक सामाजिक सांस्कृतिक संस्थाओं से जुड़कर सक्रिय हैं। लेखन विधा-मुक्तक,छन्दबद्ध काव्य,कथा,गीत,लेख ,ग़ज़ल और समालोचना है। प्रकाशन में डॉ.झा के खाते में काव्य संग्रह,दोहा मुक्तावली,कराहती संवेदनाएँ(शीघ्र ही)प्रस्तावित हैं,तो संस्कृत में महाभारते अंतर्राष्ट्रीय-सम्बन्धः कूटनीतिश्च(समालोचनात्मक ग्रन्थ) एवं सूक्ति-नवनीतम् भी आने वाली है। विभिन्न अखबारों में भी आपकी रचनाएँ प्रकाशित हैं। विशेष उपलब्धि-साहित्यिक संस्था का व्यवस्थापक सदस्य,मानद कवि से अलंकृत और एक संस्था का पूर्व महासचिव होना है। इनकी लेखनी का उद्देश्य-हिन्दी साहित्य का विशेषकर अहिन्दी भाषा भाषियों में लेखन माध्यम से प्रचार-प्रसार सह सेवा करना है। पसंदीदा हिन्दी लेखक-महाप्राण सूर्यकान्त त्रिपाठी ‘निराला’ है। प्रेरणा पुंज- वैयाकरण झा(सह कवि स्व.पं. शिवशंकर झा)और डॉ.भगवतीचरण मिश्र है। आपकी विशेषज्ञता दोहा लेखन,मुक्तक काव्य और समालोचन सह रंगकर्मी की है। देश और हिन्दी भाषा के प्रति आपके विचार(दोहा)-
स्वभाषा सम्मान बढ़े,देश-भक्ति अभिमान।
जिसने दी है जिंदगी,बढ़ा शान दूँ जान॥
ऋण चुका मैं धन्य बनूँ,जो दी भाषा ज्ञान।
हिन्दी मेरी रूह है,जो भारत पहचान॥