सोनीपत (हरियाणा)।
हिन्दी भाषा, सनातन संस्कृति एवं सद साहित्य हेतु कृत संकल्पित कल्पकथा साहित्य संस्था परिवार द्वारा पौराणिक एवं भक्ति प्रसंग विशेष २६७वीं साप्ताहिक आभासी काव्यगोष्ठी का आयोजन किया गया। ‘गदाधर भगवान नारायण’ विषय पर भक्तिरस, आध्यात्मिक चेतना और पौराणिक भावधारा के अनुपम संगम के रूप में यह सम्पन्न हुआ।
संस्था की संवाद प्रभारी ज्योति राघव सिंह ने बताया कि कार्यक्रम का संचालन भास्कर सिंह ‘माणिक’ ने किया। अध्यक्षता अवधेश प्रसाद मिश्र ‘मधुप’ ने की, जबकि मुख्य अतिथि मणिका वर्मा ने सहभागिता की। शुभारंभ गुरु वंदना, गणेश वंदना एवं सरस्वती वंदना के मंगलाचरण से हुआ। इसके पश्चात नितिशा दीक्षित ‘कौशल’, रमापति मौर्य, दीपिका वर्मा, नंदकिशोर बहुखंडी, ज्योति प्यासी, राकेश माहेश्वरी ‘काल्पनिक’, ‘माणिक’, मणिका वर्मा, ‘मधुप’, संस्थापक श्रीमती राधाश्री शर्मा एवं पवनेश मिश्र ने अपनी रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से गदाधर की महिमा का भावपूर्ण स्मरण किया।
उन्होंने बताया कि अंतिम चरण में राष्ट्रगीत ‘वन्दे मातरम्’ का भावपूर्ण गायन किया गया। इसके उपरांत राधाश्री शर्मा ने सबके प्रति हृदयपूर्ण आभार व्यक्त किया।