कुल पृष्ठ दर्शन : 3

पेट की आग

कुमारी ऋतंभरा
मुजफ्फरपुर (बिहार)
************************************

बाल दिवस विशेष…

जीवन में सबको सब-कुछ मिल जाए, ये जरूरी नहीं,
कभी-कभी कोई पेट खाली ही रात की खामोशी में खो जाता है।

दर्द भी इतना बेदर्द हो जाता है,
कि किसी भी दर्द का एहसास ही नहीं होता
आँखें कब तारों को एकटक देखते-देखते बंद हो जाती हैं,
पता ही नहीं चलता।

फुटपाथ पर एक लड़का प्रतिदिन कुछ खोजता है,
एक उम्मीद से-
आज तो उसका पेट भर जाए,
किसी पॉलीथिन में कोई खाना फेंक जाए
इसी उम्मीद से वह लड़का उत्सुकता से खोजे जा रहा था।

वह सोच रहा था – क्या मैं ईश्वर का बनाया हुआ पुतला हूँ ?
ईश्वर ने सबको अलग क्यों बनाया ?

एक तरफ वो कचरा चुनने वाला लड़का,
रोड पर बड़ी गाड़ी से उतरते हुए उस बच्चे को एकटक निहारता,
जिसके हाथों में बहुत-सी आइसक्रीम और बिस्कुट होते।

एक तरफ वह लड़का खुद को निहारता,
जिसकी आँखें हर पॉलीथिन में खाना खोज रही थीं-
आज तो कुछ मिलेगा।

वह दिन भी आ गया, जब उसे बहुत सारा खाना मिला,
आज तो उसकी होली इसी खाने से मन जाएगी
नींद तो हर दिन आती है,
आज बहुत मज़े से सोएंगे।

गरीबी और ईश्वर की लीला, सब आज खत्म थी।
आज वह खुद को बहुत ही अमीर और अच्छा समझ रहा था,
इसी को कहते हैं ईश्वर की लीला॥