कुल पृष्ठ दर्शन : 1

कठोर साधना से उपजे हैं इस पुस्तक के निबंध – डॉ. दवे

परिचर्चा…

इंदौर (मप्र)।

कोई भी रचनाकार तब तक पूर्ण लेखक नहीं बनता, जब तक वह गद्य लेखन की कसौटी पर खरा न उतरे। इस पुस्तक के निबंध ऐसी ही कठोर साधना से उपजे हैं। गंभीर, चिंतनीय और दर्शन की ऊँचाइयों को छूने वाले विषयों पर लेखनी चलाने के लिए वे बधाई की पात्र हैं।
   पंचकन्या द्वारा संचालित ‘कला, किताब और कॉफी’ के तत्वावधान में साहित्य प्रेमियों के लिए विशेष साहित्यिक संध्या में यह बात मुख्य वक्ता एवं समीक्षक के रूप में साहित्य अकादमी, मप्र के निदेशक डॉ. विकास दवे ने कही। आयोजन में शहर की लेखिका डॉ. अंजना चक्रपाणि मिश्र की चर्चित कृति ‘अनकहे संवाद’ (आलेख संग्रह) और ‘मन अनहद नाद’ (काव्य संग्रह) पर गहन परिचर्चा हुई। कार्यक्रम का शुभारंभ बेबी अलायना की मधुर गणेश वंदना से हुआ। इस संवाद में डॉ. मिश्र के साथ लेखिका डॉ. वसुधा गाडगिल शामिल हुए। कार्यक्रम में पुस्तकों के विविध पहलुओं, संवेदनाओं व लेखिका की रचनात्मक यात्रा पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। वक्ता डॉ. दवे ने ‘अनकहे संवाद’ की सराहना करते हुए कहा, कि लोग भौतिक और आत्मिक विषयों को अलग-अलग देखते हैं, जबकि संवेदना मूलतः स्त्री का ही पक्ष है। निबंध ‘पुनर्वा भव’ में लड़के और लड़की के भेद को खरगोश को उठाने के प्रसंग के माध्यम से अत्यंत सूक्ष्मता और सुंदरता से समझाया गया है। उन्होंने लेखिका की संस्कृतनिष्ठ भाषा और निर्भीक नारी-चेतना की भी सराहना की।
 समीक्षक डॉ. गाडगिल ने पुस्तकों को संत परंपरा का स्पर्श करने वाली तथा स्त्री, संस्कृति और अंतर्मन की ध्वनियों से ओत-प्रोत बताया। उन्होंने कहा कि जब विचार अंतर्मन से मुखरित होते हैं, तभी दिव्य ज्योति बिखरती है। ‘अब मैं किसी की प्रतीक्षा नहीं करती’ जैसी पंक्तियाँ जीवन के गहरे अनुभवों को दर्शाती हैं। कृतियों में ‘स्त्री देह’, ‘प्रेम की आत्मनिर्भरता’ और ‘अकेलेपन का उत्सव’ जैसे विषय गहराई से उभरकर सामने आए हैं।
    कार्यक्रम में लेखिका ने भविष्य में ग़ज़ल और कजरी पर भी संग्रह लाने की बात साझा की। कार्यक्रम संचालक लव कुमार द्वारा साहित्य में विचार और भावना की महत्ता पर पूछे गए प्रश्न के उत्तर में यह निष्कर्ष निकला कि साहित्य का सृजन भावनाओं के धरातल पर होना ही सार्थक है। जो ‘हित सहित’ है, वही सच्चा साहित्य है।  हैं।
       अपनी रचना-प्रक्रिया साझा करते हुए लेखिका ने बताया कि साहित्यिक परिवेश उन्हें विरासत में मिला है और उनकी भाषा-शैली पर माता-पिता के संस्कारों की गहरी छाप है। वे दूसरों की पीड़ा और अनुभवों को स्वयं महसूस कर शब्दों में ढालती हैं। ‘मन अनहद नाद’ का आशय मन में निरंतर चलने वाली रचनात्मक हलचल से है।
     अतिथियों का आत्मीय स्वागत चक्रपाणि मिश्र तथा कनिष्क मिश्र ने किया।
   आभार लेखिका ने व्यक्त किया।