संजीव एस. आहिरे
नाशिक (महाराष्ट्र)
***************************************
शिव भोला साम्ब हिमालय है, और यहाँ है शिव-सह्याद्री,
तिरुमाला, सतपुड़ा और विन्ध्याचल के शिव शम्भो शेषाद्री
सारे-सारे शिखरों के शिखर ओ! शिखर पुरुष शिव-हेमाद्री,
पर्वतों-गुफाओं और घाटी-घाटी से मेरा अंतर्मन तुम्हें पुकारे
शिव शम्भो हे महादेव हरे, आज सोमवार का नमन स्वीकारें।
हम है अकिंचन, लघुत्तम स्पंदन, केवल है तुम्हारे सहारे,
जनम-जनम के ओ! अधिशाषी, साँस-साँस है तुम्हारे
जन्म बंधन, पुनर्जीवन और तुम ही हो मुक्ति के द्वारे,
काल-काल महांकाल शिवप्रभो शम्भो नमन स्वीकारो हमारे
शिव-शम्भो हे महादेव हरे, आज सोमवार का नमन स्वीकारें।
सूरज, चंदा, पृथ्वी, ग्रह, तारे समग्र तुम्हारा सृजन है,
तरुदल, पर्वत ,सागर, संसार किया जीवों को अर्पण है
पंचमहाभूत प्रणेता शम्भो, प्राणों में साँसों का स्पंदन है,
जटाजूट धारी विकराल त्रिपुरारी तुम्हे सजल वंदन है हमारे
शिव शम्भो महादेव हरे, आज सोमवार का नमन स्वीकारें।
सजल नयन है, प्रदीप्त ज्योति प्राणों की, आस बस तुम्हारी,
ह्रदय में भावों का उमड़ा समंदर अब कृपा करो भी करुणाकारी,
कर उन्मुक्त कर उछालूँ गगन में ओ! चैतन्य शिव त्रिपुरारी।
ओ ! ह्रदय के मुरारी,शिव शम्भो हरी, प्राणनाथ ओ! हमारे,
शिव शम्भो महादेव हरे, आज सोमवार का नमन स्वीकारें॥
परिचय-संजीव शंकरराव आहिरे का जन्म १५ फरवरी (१९६७) को मांजरे तहसील (मालेगांव, जिला-नाशिक) में हुआ है। महाराष्ट्र राज्य के नाशिक के गोपाल नगर में आपका वर्तमान और स्थाई बसेरा है। हिंदी, मराठी, अंग्रेजी व अहिराणी भाषा जानते हुए एम.एस-सी. (रसायनशास्त्र) एवं एम.बी.ए. (मानव संसाधन) तक शिक्षित हैं। कार्यक्षेत्र में जनसंपर्क अधिकारी (नाशिक) होकर सामाजिक गतिविधि में सिद्धी विनायक मानव कल्याण मिशन में मार्गदर्शक, संस्कार भारती में सदस्य, कुटुंब प्रबोधन गतिविधि में सक्रिय भूमिका निभाने के साथ विविध विषयों पर सामाजिक व्याख्यान भी देते हैं। इनकी लेखन विधा-हिंदी और मराठी में कविता, गीत व लेख है। विभिन्न रचनाओं का समाचार पत्रों में प्रकाशन होने के साथ ही ‘वनिताओं की फरियादें’ (हिंदी पर्यावरण काव्य संग्रह), ‘सांजवात’ (मराठी काव्य संग्रह),
‘पंचवटी के राम’ (गद्य और पद्य पुस्तक), ‘हृदयांजली ही गोदेसाठी’ (काव्य संग्रह) तथा ‘पल्लवित हुए अरमान’ (काव्य संग्रह) भी आपके नाम हैं। संजीव आहिरे को प्राप्त सम्मान-पुरस्कार में अभा निबंध स्पर्धा में प्रथम और द्वितीय पुरस्कार, ‘सांजवात’ हेतु राज्य स्तरीय पुरुषोत्तम पुरस्कार, राष्ट्रीय मेदिनी पुरस्कार (पर्यावरण मंत्रालय, भारत सरकार), राष्ट्रीय छत्रपति संभाजी साहित्य गौरव पुरस्कार (मराठी साहित्य परिषद), राष्ट्रीय शब्द सम्मान पुरस्कार (केंद्रीय सचिवालय हिंदी साहित्य परिषद), केमिकल रत्न पुरस्कार (औद्योगिक क्षेत्र) व श्रेष्ठ रचनाकार पुरस्कार (राजश्री साहित्य अकादमी) मिले हैं। आपकी विशेष उपलब्धि राष्ट्रीय मेदिनी पुरस्कार, केंद्र सरकार द्वारा विशेष सम्मान, ‘रामदर्शन’ (हिंदी महाकाव्य प्रस्तुति) के लिए महाराष्ट्र सरकार (पर्यटन मंत्रालय) द्वारा विशेष सम्मान तथा रेडियो (तरंग सांगली) पर ‘रामदर्शन’ प्रसारित होना है। प्रकृति के प्रति समाज एवं नयी पीढ़ी का आत्मीय भाव जगाना, पर्यावरण के प्रति जागरूकता पैदा करना, हिंदी को राष्ट्रभाषा बनाने हेतु लेखन-व्याख्यानों से जागृति लाना, भारतीय नदियों से जनमानस का भाव पुनर्स्थापित करना, राष्ट्रीयता की मुख्य धारा बनाना और ‘रामदर्शन’ से परिवार एवं समाज को रिश्तों के प्रति जागरूक बनाना इनकी लेखनी का उद्देश्य है। पसंदीदा हिंदी लेखक प्रेमचंद जी, धर्मवीर भारती हैं तो प्रेरणापुंज स्वप्रेरणा है। श्री आहिरे का जीवन लक्ष्य हिंदी साहित्यकार के रूप में स्थापित होना, ‘रामदर्शन’ का जीवनपर्यंत लेखन तथा शिवाजी महाराज पर हिंदी महाकाव्य का निर्माण करना है।