डॉ.राम कुमार झा ‘निकुंज’
बेंगलुरु (कर्नाटक)
*************************************************
मानव जीवन की संरचना २ मूल आधारों पर टिकी है—कर्त्तव्य और अधिकार। ये दोनों एक-दूसरे के पूरक हैं, किंतु प्रश्न यह उठता है कि इनमें अधिक महत्व किसका है ? आधुनिक समय में जहाँ हर व्यक्ति अपने अधिकारों के प्रति सजग है, वहीं कर्त्तव्यों की उपेक्षा एक गंभीर- सामाजिक समस्या बनती जा रही है। ऐसे में यह विचार करना आवश्यक हो जाता है, कि कर्त्तव्य बड़ा है या अधिकार।
अधिकार वह है, जो हमें समाज और संविधान द्वारा प्राप्त होता है। यह हमें स्वतंत्रता, समानता और सुरक्षा प्रदान करता है। हर व्यक्ति अपने अधिकारों के माध्यम से सम्मानजनक जीवन जीने की अपेक्षा रखता है, किंतु यह भी सत्य है कि अधिकारों की प्राप्ति तभी संभव है, जब कोई अपना कर्त्तव्य निभाता है। उदाहरण के लिए, यदि शिक्षक अपना कर्त्तव्य ईमानदारी से निभाएगा, तभी छात्र को शिक्षा का अधिकार सही रूप में मिल पाएगा। यदि नागरिक अपने कर्त्तव्यों का पालन करेंगे, तभी राष्ट्र में व्यवस्था और शांति बनी रह सकेगी।
कर्त्तव्य का अर्थ है—वह दायित्व, जिसे हमें निष्ठा और ईमानदारी से निभाना चाहिए। यह न केवल व्यक्तिगत विकास का मार्ग प्रशस्त करता है, बल्कि समाज और राष्ट्र के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। कर्त्तव्य पालन से ही अधिकारों की रक्षा संभव होती है। यदि हर व्यक्ति केवल अधिकारों की माँग करे और कर्त्तव्यों की अनदेखी करे, तो समाज में अराजकता फैल जाएगी।
महात्मा गांधी ने भी कर्त्तव्य को अधिकारों से अधिक महत्व दिया था। उनका मानना था कि यदि हम अपने कर्त्तव्यों का पालन करें, तो अधिकार स्वतः प्राप्त हो जाते हैं। कर्त्तव्य एक नैतिक मूल्य है, जो व्यक्ति को अनुशासित और जिम्मेदार बनाता है। यह हमें केवल अपने लिए नहीं, बल्कि दूसरों के हित के लिए भी कार्य करना सिखाता है।
अतः स्पष्ट है कि कर्त्तव्य और अधिकार दोनों ही महत्वपूर्ण हैं, परंतु कर्त्तव्य की भूमिका अधिक व्यापक और आधारभूत है।अधिकार हमारे जीवन को सुरक्षित और सम्मानजनक बनाते हैं, पर कर्त्तव्य उस सुरक्षा और सम्मान की नींव रखते हैं। कहा जा सकता है कि यदि समाज में संतुलन और समरसता बनाए रखनी है, तो कर्त्तव्य को प्राथमिकता देना आवश्यक है। जब प्रत्येक व्यक्ति अपने कर्त्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करेगा, तब अधिकारों की प्राप्ति स्वतः सुनिश्चित हो जाएगी। यही एक सशक्त, अनुशासित और विकसित समाज की पहचान है।
परिचय-डॉ.राम कुमार झा का साहित्यिक उपनाम ‘निकुंज’ है। १४ जुलाई १९६६ को दरभंगा में जन्मे डॉ. झा का वर्तमान निवास बेंगलुरु (कर्नाटक)में,जबकि स्थाई पता-दिल्ली स्थित एन.सी.आर.(गाज़ियाबाद)है। हिन्दी,संस्कृत,अंग्रेजी,मैथिली,बंगला, नेपाली,असमिया,भोजपुरी एवं डोगरी आदि भाषाओं का ज्ञान रखने वाले श्री झा का संबंध शहर लोनी(गाजि़याबाद उत्तर प्रदेश)से है। शिक्षा एम.ए.(हिन्दी, संस्कृत,इतिहास),बी.एड.,एल.एल.बी., पीएच-डी. और जे.आर.एफ. है। आपका कार्यक्षेत्र-वरिष्ठ अध्यापक (मल्लेश्वरम्,बेंगलूरु) का है। सामाजिक गतिविधि के अंतर्गत आप हिंंदी भाषा के प्रसार-प्रचार में ५० से अधिक राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय साहित्यिक सामाजिक सांस्कृतिक संस्थाओं से जुड़कर सक्रिय हैं। लेखन विधा-मुक्तक,छन्दबद्ध काव्य,कथा,गीत,लेख ,ग़ज़ल और समालोचना है। प्रकाशन में डॉ.झा के खाते में काव्य संग्रह,दोहा मुक्तावली,कराहती संवेदनाएँ(शीघ्र ही)प्रस्तावित हैं,तो संस्कृत में महाभारते अंतर्राष्ट्रीय-सम्बन्धः कूटनीतिश्च(समालोचनात्मक ग्रन्थ) एवं सूक्ति-नवनीतम् भी आने वाली है। विभिन्न अखबारों में भी आपकी रचनाएँ प्रकाशित हैं। विशेष उपलब्धि-साहित्यिक संस्था का व्यवस्थापक सदस्य,मानद कवि से अलंकृत और एक संस्था का पूर्व महासचिव होना है। इनकी लेखनी का उद्देश्य-हिन्दी साहित्य का विशेषकर अहिन्दी भाषा भाषियों में लेखन माध्यम से प्रचार-प्रसार सह सेवा करना है। पसंदीदा हिन्दी लेखक-महाप्राण सूर्यकान्त त्रिपाठी ‘निराला’ है। प्रेरणा पुंज- वैयाकरण झा(सह कवि स्व.पं. शिवशंकर झा)और डॉ.भगवतीचरण मिश्र है। आपकी विशेषज्ञता दोहा लेखन,मुक्तक काव्य और समालोचन सह रंगकर्मी की है। देश और हिन्दी भाषा के प्रति आपके विचार(दोहा)-
स्वभाषा सम्मान बढ़े,देश-भक्ति अभिमान।
जिसने दी है जिंदगी,बढ़ा शान दूँ जान॥
ऋण चुका मैं धन्य बनूँ,जो दी भाषा ज्ञान।
हिन्दी मेरी रूह है,जो भारत पहचान॥