सरोजिनी चौधरी
जबलपुर (मध्यप्रदेश)
*************************************
कभी समंदर को पास से जाकर देखो,
राज़ छुपाये क्या-क्या नीचे जाकर तो देखो
कुछ लहरों पर लिखे, कुछ सीपियों में छुपे तराने थे,
कभी मर्म उसके समझ कर तो देखो।
सोचो ज़रा – कितने तूफ़ान छिपाए उसने,
शान्त ऊपर से, दर्द कितने सहे हैं उसने
कितनों के ख़त भिगोए हैं बिना पढ़े,
हाल किन-किन के छुपा करके रखे हैं उसने।
प्यार आ करके समंदर में सिमट जाता है,
अपने अरमानों का दीपक यहाँ जलाता है
वो सुनाता है व्यथा दिल की उस समंदर को,
राज़ सबके जो बिना शर्त सुने जाता है।
कभी-कभी वो नाविक की उम्मीद बना,
कभी किसी विरहिणी की था वह पुकार बना।
निकाल लाये थे सीने से उसके मोती जो,
उन सबके सारे रिश्तों की वह तक़दीर बना॥