डॉ.विद्यासागर कापड़ी ‘सागर’
पिथौरागढ़(उत्तराखण्ड)
************************************************
निद्रा तज नारायण आयें,
है सत्य तू मान।
श्रेष्ठ मनुज तन पाया तूने,
ओ मूढ़ पहचान॥
जागे मनु ही सब कुछ पाते,
हो सदा ही जीत।
सोते ने खोया है निज का,
है जगत की रीत॥
जागे के वश में है ईश्वर,
यही देव विधान।
श्रेष्ठ मनुज तन पाया तूने,
ओ मूढ़ पहचान…॥
ज्ञानी बनकर ओ रे मानव,
हटा पथ के शूल।
पंचविकारों ने डाली है,
तव नयन में धूल॥
जब जागेगा तो पायेगा,
तू विजय के गान।
श्रेष्ठ मनुज तन पाया तूने,
ओ मूढ़ पहचान…॥
बाधाओं से क्या डरना है,
कर हास कर पार।
साहस भरकर तू सागर में,
नौका दे उतार॥
पथ में बढ़ना तभी अगर तू,
ले विजय की ठान।
श्रेष्ठ मनुज तन पाया तूने,
ओ मूढ़ पहचान…॥
चंद दिनों का ही अवसर है,
सहले तनिक ताप।
तुझे मिटाने हैं जन्मों के,
स्थूल से संताप॥
पहले अपने मन को मथ ले,
अरे निज को जान।
श्रेष्ठ मनुज तन पाया तूने,
ओ मूढ़ पहचान…॥
निद्रा तज नारायण आयें,
है सत्य तू मान।
श्रेष्ठ मनुज तन पाया तूने,
ओ मूढ़ पहचान…॥