कुल पृष्ठ दर्शन : 40

सुहागिन की साड़ी

कुमारी ऋतंभरा
मुजफ्फरपुर (बिहार)
***************************************

यह तो सही है कि स्त्री सुंदर होती है, चंचल होती है, इसलिए फैशनेबल भी होती है, पर क्या हर स्त्री मन से प्रसन्न और समझदार होती है ? हाँ, होती भी है, पर बहुत कम।
वह भी ऐसी ही थी। एक-एक बर्तन जोड़कर उसने अपना घर बसाया था। पढ़ी-लिखी तो वह बहुत थी — बी.एड. कर रखा था, ब्यूटीशियन का कोर्स पूरा किया था, कानून की भी जानकारी थी, पर घर बसाने में इतनी उलझ गई कि ध्यान ही नहीं रहा कि वह कितनी पढ़ी-लिखी है।
सुंदर तो इतनी-जैसे स्वर्ग की अप्सरा। गोरा चेहरा, लंबी छरहरी काया और मधुर आवाज। गाँव जाती तो दादी-नानी से गाँव की भाषा में बोलती और शहर आती तो शहर की।
माता-पिता की ऐसी संतान थी, जो बेटों से कम नहीं थी। पिता की सेवा अपने घर में रखकर की। पिता तो चले गए, पर माँ को आँखों से दिखता नहीं था। उसने माँ की इतनी सेवा की कि माँ की मधुमेह की बीमारी खत्म हो गई, फिर आँखों का ऑपरेशन करवाया तो माँ फिर से दुनिया देखने लगी। माँ कहती — “बेटी के कारण ही दुनिया देख रही हूँ।” भाइयों को भी अपनी बड़ी बहन पर गर्व था, क्योंकि वह बहन नहीं, माँ थी।
पति-पत्नी में झगड़ा किसका नहीं होता। पति वकालत करते थे, पैसे खूब आते थे, जमीन-जायदाद की कोई कमी नहीं थी। हँसमुख, खुश रहने वाले व्यक्ति थे। दोनों की दो बेटियाँ थीं, बड़ी संस्कारी। गाँव में भी घर बना लिया था और आम का बगीचा लगाने का सपना देख रहे थे।
  एक दिन पति गुस्से में थे, उन्होंने स्त्री की आत्मा को चोट पहुँचा दी, स्वाभिमान को ललकार दिया। उस रात वह खूब रोई, तकिया भीग गया।
सुबह चुपचाप चाय-अखबार देकर वह बैग उठाकर लॉ कॉलेज चली गई। काउंटर पर बोली — “फॉर्म भरना है।” नाम — शालिनी।
रात में सबके सो जाने के बाद वह पढ़ती, दिन में कॉलेज जाती और घर का सारा काम भी करती। सालगिरह वाले दिन उसने सबको बताया— “मैंने लॉ पढ़ ली।” उस दिन उसने वही लाल साड़ी पहनी थी, जिसमें उसकी शादी हुई थी, क्योंकि सुहागिन की शादी की साड़ी उसके माँग का गहना होती है।
कुछ ही दिनों बाद पति के सीने में दर्द उठा और पाँच दिन में वह गुजर गए। बदन पर आज भी वही सुहाग की साड़ी थी। सामने २ जवान बेटियाँ थीं, जो आंध्र में मेडिकल पढ़ रही थीं। अब सहारा था तो बस उसकी वकालत और पति की छोड़ी हुई संपत्ति। छोटा भाई और उसकी पत्नी ने खूब मदद की।
आज बेटियाँ डॉक्टर बन गईं। शादी के समय बड़ी बेटी बोली— “माँ, इस साड़ी में पापा बसते हैं। तुम इसे पहनकर मेरी शादी कराओ, लगेगा पापा बगल में बैठे हैं।”
उस दिन सुहाग की साड़ी में शालिनी फिर से अप्सरा लग रही थी। उम्र ढल सकती है, साड़ी फट सकती है, रंग उड़ सकता है, पर जिस प्रेम से उसे संभाला गया हो, वह प्रेम कभी पुराना नहीं होता।
सीख-स्त्री के पंख न कुतरे जाएँ तो वह चूल्हे से चाँद तक जा सकती है।