कुल पृष्ठ दर्शन : 1

हरिप्रिया

सरोज प्रजापति ‘सरोज’
मंडी (हिमाचल प्रदेश)
***************************************

एक थी वृंदा, भक्त अति सुन्दर,
जन्म दैत्य कुल, कर्म शुभ सुन्दर
नित्य प्रति भक्ति में लीन बड़भागी सुन्दर,
ताउम्र विष्णु भक्त, मन भाव अति सुन्दर।

पति जालंधर प्रियतम, शिवांश भयंकर,
राक्षस कुल पाकर, मति अति भयंकर
निज बाहुबल, महान योद्धा मूढ़ भयंकर,
त्रस्त सर्व जन, स्वर्ग महत्वाकांक्षी भयंकर।

घोर संग्राम संग शिव शंकर देव अचंभित,
जालंधर जय, घोर संग्राम महि अचंभित
हाहाकार चहुं दिशि, देवलोक अचंभित,
अमरत्व, दारा शक्ति प्रतिशोध भयंकर।

रूप धरा जालंधर स्वयं हरि हतप्रभ,
पूर्ण किया मंगल हेतु, प्रभु मौन हतप्रभ
वृंदा संग छल छद्म विवश हरि हतप्रभ,
सहमी वृंदा छल प्रतिफल भक्ति हतप्रभ।

तुरंत बध हुआ जालंधर अधर्म विनाश,
क्षमा देवी त्रस्त महि वर-शाप सहर्ष स्वीकार
पत्थर बनो हे भगवान सति हो निज विनाश,
तुम पूजनीय बनो,शाप सहर्ष स्वीकार।

बनकर तुलसी घर-घर प्रिय सुशोभित,
बनकर श्री शोभा, सुख समृद्धि भण्डार।
शालीग्राम संग लग्न, लक्ष्मी रूप सुशोभित,
नमन हे हरिप्रिया! तुम धन्य दे, वैभव भण्डार॥

परिचय-सरोज कुमारी लेखन संसार में सरोज प्रजापति ‘सरोज’ नाम से जानी जाती हैं। २० सितम्बर (१९८०) को हिमाचल प्रदेश में जन्मीं और वर्तमान में स्थाई निवास जिला मण्डी (हिमाचल प्रदेश) है। इनको हिन्दी भाषा का ज्ञान है। लेखन विधा-पद्य-गद्य है। परास्नातक तक शिक्षित व नौकरी करती हैं। ‘सरोज’ के पसंदीदा हिन्दी लेखक- मैथिली शरण गुप्त, सूर्यकांत त्रिपाठी ‘निराला’ और महादेवी वर्मा हैं। जीवन लक्ष्य-लेखन ही है।