पद्मा अग्रवाल
बैंगलोर (कर्नाटक)
*******************************************
जिंदगी में तनाव केवल बड़ी समस्याओं से ही नहीं आता, वरन् हम दिन भर तरह-तरह के लोगों के साथ रहते हैं, उनके साथ काम करते हैं, तो उनसे भी आ जाता है। कई बार संयुक्त परिवार में रहते हैं, जहाँ तीनों पीढ़ी की सोच अलग होती है। ऑफिस में सहकर्मी अलग स्वभाव के होते हैं, तो जरूरी है कि सबका स्वभाव बदलना आपकी जिम्मेदारी नहीं है–संयुक्त परिवार हो या फिर ऑफिस हो-सबकी सोच, स्वभाव, परवरिश व आदतें अलग-अलग होती हैं। कोई बहुत बातें करता है तो कोई चुप रहना पसंद करता है।
हमारी गलती यह होती है, कि हम सोचते हैं कि सभी लोग हमारी तरह से सोचें और वैसा ही व्यवहार करें। लोगों को समझना सीखिए और अपना व्यवहार बदलिए।

हर बात पर प्रतिक्रिया जरूरी नहीं-
आपको किसी ने कुछ कह दिया, बस आपका दिन खराब हो गया।
सारा दिन आपका मूड खराब रहा । जब कोई बात बुरी लगे, तो तुरंत जवाब देने की बजाय सोचिए – क्या यह बात इतनी खास है कि मैं अपनी मानसिक शांति खो दूँ।

सभी के बीच पहचान-
संयुक्त परिवार की अपनी खूबसूरती है-सबका साथ, अपनापन, सहयोग और अनुभव, लेकिन कई बार परिवार में तनाव भी हो जाता है। याद रखिए-हर व्यक्ति को अपना विचार रखने का अधिकार है। हर व्यक्ति को कुछ निजी समय और स्वतंत्रता चाहिए। परिवार में सम्मान केवल उम्र या रिश्ते से नहीं होना चाहिए, वरन् हर सदस्य का होना चाहिए।

आलोचना निजी नहीं-
यह सोचना चाहिए कि सामने वाले की राय हर समय वास्तविक या सच्ची नहीं होती, लेकिन यदि कोई बार-बार आपको अपमानित करता है तो शांत रह कर उसकी सीमा जरूर बताएँ।

हर समस्या आपकी नहीं-
कुछ लोग स्वभाव से जिम्मेदार होते हैं। घर में किसी से किसी वजह से बहस हो गई तो खुद का मूड खराब कर लिया। किसी को कोई परेशानी है, तो खुद समाधान करने की जिम्मेदारी ले लेते हैं। याद रखिए, आप सबकी मदद कर सकते हैं लेकिन पूरी जिम्मेदारी नहीं उठा सकते।

बात का बतंगड़ ना बनाएं-
कभी खाने को लेकर बहस तो कभी बच्चों की परवरिश को लेकर कई बार हमारा अहंकार समस्या को बड़ा बना देता है। ऐसे में शांत होकर खुद से पूछिए कि हमें समाधान चाहिए या केवल स्वयं को सही साबित करना है। शांति से बातचीत लंबी नाराजगी को समाप्त कर देती है ।

अपनी भावनात्मक बैटरी को रिचार्ज कीजिए-
अपने मन को आराम देकर शांत रखिए। हर दिन कम से कम २०-३० मिनट अपने लिए निकालिए। टहलना, किताब पढ़ना, दोस्तों से मिलना और बात करना यानी यह समय केवल अपना हो; बिना किसी अपेक्षा या जिम्मेदारी के। इसे परिवार से दूर जाना नहीं, वरन् बेहतर ऊर्जा के साथ परिवार से जुड़ना कहते हैं।