दीप्ति खरे
मंडला (मध्यप्रदेश)
*************************************
एक अनोखी यूनिवर्सिटी है,
जिसकी बड़ी निराली शान
न फीस फॉर्म न कोई इंटरव्यू,
फिर भी लाखों बनते विद्वान।
न भवन कहीं, न पुस्तकालय,
प्रयोगशाला का पता नहीं
फिर भी छात्र करोड़ों में हैं,
नाम है व्हाट्सएप यूनिवर्सिटी।
मोबाइल पर चलती यह,
ग्रुप हैं इसकी कक्षाएं
हर अफवाह पर पीएच-डी. होती,
पर्सनल मैसेज हैं शोध विभाग।
पहला पीरियड सुप्रभात का,
सबको एक सा पहुँचाना है
बिना पढ़े बिना समझे फिर,
आगे इसे बढ़ाना है।
पांच मिनट के वीडियो से,
इतिहासकार बन जाते हैं
दो चार नुस्खे पढ़कर ही,
डॉक्टर तैयार हो जाते हैं।
कोई सिखाता देश चलाना,
कोई अर्थशास्त्र समझाता है
हर एक विषय पर ज्ञान यहाँ,
मुफ़्त में मिल जाता है।
मैसेज फॉरवर्ड कहलाती सिंसियर्टी,
सच जानना प्रतिबंधित है
एक मैसेज से पैदा होते,
अनेक बुद्धिजीवी हैं।
सच चाहे कोने में रोए,
झूठ यहाँ सम्मानित है।
व्हॉट्सऐप यूनिवर्सिटी में,
आइए सबका स्वागत है॥