कुल पृष्ठ दर्शन : 160

You are currently viewing दंभ मदमाता, नैतिकता कहाॅं ?

दंभ मदमाता, नैतिकता कहाॅं ?

डॉ.राम कुमार झा ‘निकुंज’
बेंगलुरु (कर्नाटक)

*************************************************

तनिक सफलता दंभ अनल मन, जलता मानव अमन कहाँ है,
निशिवासर गुमराह लाभ पद, उन्मादित मन शमन कहाँ है।

मानवता की बात कहाँ अब, नैतिकता का मान कहाॅं है?,
राजधर्म या राष्ट्र भक्ति मन, नार्य शक्ति सम्मान कहाँ है ?

ताज दंभ मदमाता जीवन इन्सानी जज्बात कहाँ है ?
सत्ता पद शासन नशा गज़ब, ईमान धर्म सौगात कहाँ है ?

दया धर्म करुणा परमारथ, स्वार्थ सिद्धि फँस दंभ यहाँ है ?
धर्म जाति भाषा प्रदेश बॅंट, शान्ति प्रेम सुख स्तंभ कहाँ है ?

दंभ घृणा हिंसा दंगा रत, नई सोच नव शोध कहाँ है ?
न्याय नीति कानून स्वार्थ फॅंस, संविधान अब बोध कहाँ है ?

बन नृशंस दानव चरित्र अब, शर्मसार अब शर्म कहाँ है ?
कहाँ मिलेगा पंच परमेश्वर, निर्णय यकीन मर्म कहाँ है ?

दोषारोपण बिना तथ्य अब, न्याय गेह सर्वोच्च यहाँ है,
हिंसा दंगा वैमनस्य वतन, बिन अन्वेषण दंभ जहां है।

जलते भारत में कहाँ तरस, संवेदन सहयोग कहाँ है ?
राजनीति विषयक चीरहरण, उपहासित बस दंभ यहाँ है ?

बेटी बहना वधू सुशिक्षित, दहेज आग जल रही यहाँ है,
कोख कलंकित माँ ममतांचल, दंभी सुत आतंक जना है।

उपदेशों के महाजाल फॅंस, नेता जनता चैन कहाँ है ?
भाग रहा खो संयम धीरज, शैतानी मन दंभ यहाँ है ?

प्रिय भारत मन कोख़ लाज रख, एक संघ तरु चमन यहाँ है,
तजो दंभ बँध डोर तिरंगा, बिना एकता अमन कहाँ है ?

परिचय-डॉ.राम कुमार झा का साहित्यिक उपनाम ‘निकुंज’ है। १४ जुलाई १९६६ को दरभंगा में जन्मे डॉ. झा का वर्तमान निवास बेंगलुरु (कर्नाटक)में,जबकि स्थाई पता-दिल्ली स्थित एन.सी.आर.(गाज़ियाबाद)है। हिन्दी,संस्कृत,अंग्रेजी,मैथिली,बंगला, नेपाली,असमिया,भोजपुरी एवं डोगरी आदि भाषाओं का ज्ञान रखने वाले श्री झा का संबंध शहर लोनी(गाजि़याबाद उत्तर प्रदेश)से है। शिक्षा एम.ए.(हिन्दी, संस्कृत,इतिहास),बी.एड.,एल.एल.बी., पीएच-डी. और जे.आर.एफ. है। आपका कार्यक्षेत्र-वरिष्ठ अध्यापक (मल्लेश्वरम्,बेंगलूरु) का है। सामाजिक गतिविधि के अंतर्गत आप हिंंदी भाषा के प्रसार-प्रचार में ५० से अधिक राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय साहित्यिक सामाजिक सांस्कृतिक संस्थाओं से जुड़कर सक्रिय हैं। लेखन विधा-मुक्तक,छन्दबद्ध काव्य,कथा,गीत,लेख ,ग़ज़ल और समालोचना है। प्रकाशन में डॉ.झा के खाते में काव्य संग्रह,दोहा मुक्तावली,कराहती संवेदनाएँ(शीघ्र ही)प्रस्तावित हैं,तो संस्कृत में महाभारते अंतर्राष्ट्रीय-सम्बन्धः कूटनीतिश्च(समालोचनात्मक ग्रन्थ) एवं सूक्ति-नवनीतम् भी आने वाली है। विभिन्न अखबारों में भी आपकी रचनाएँ प्रकाशित हैं। विशेष उपलब्धि-साहित्यिक संस्था का व्यवस्थापक सदस्य,मानद कवि से अलंकृत और एक संस्था का पूर्व महासचिव होना है। इनकी लेखनी का उद्देश्य-हिन्दी साहित्य का विशेषकर अहिन्दी भाषा भाषियों में लेखन माध्यम से प्रचार-प्रसार सह सेवा करना है। पसंदीदा हिन्दी लेखक-महाप्राण सूर्यकान्त त्रिपाठी ‘निराला’ है। प्रेरणा पुंज- वैयाकरण झा(सह कवि स्व.पं. शिवशंकर झा)और डॉ.भगवतीचरण मिश्र है। आपकी विशेषज्ञता दोहा लेखन,मुक्तक काव्य और समालोचन सह रंगकर्मी की है। देश और हिन्दी भाषा के प्रति आपके विचार(दोहा)-
स्वभाषा सम्मान बढ़े,देश-भक्ति अभिमान।
जिसने दी है जिंदगी,बढ़ा शान दूँ जान॥ 
ऋण चुका मैं धन्य बनूँ,जो दी भाषा ज्ञान।
हिन्दी मेरी रूह है,जो भारत पहचान॥

Leave a Reply