कुल पृष्ठ दर्शन : 120

You are currently viewing मनचाही वस्तु

मनचाही वस्तु

डॉ.राम कुमार झा ‘निकुंज’
बेंगलुरु (कर्नाटक)

*************************************************

मनचाही वस्तु मिले, हो अपार आनंद।
खुशियाँ महकाए हृदय, खिले सुयश मकरंद॥

मनचाहा पौरुष सदा, पाए नित संघर्ष।
पग-पग बाधा राह में, तब होता उत्कर्ष॥

तन-मन संकल्पित सुपथ, मति विवेक रणधीर।
बढ़ते पौरुष रत मनुज, बदले ख़ुद तकदीर॥

मानव चाहत अति प्रबल, मिहनत का मोहताज।
हर दुर्गम पथ पार कर,गढ़ता नव आगाज॥

रहे मौन तल्लीन श्रम, मिले सफलता ताज।
साहस संबल कर्म पथ, वही सफलता राज॥

मनचाही मिलता उसे, आलस तजे स्वभाव।
अविरत सत्पथ उद्यमी, सहनशील हर घाव॥

रखे स्वयं विश्वास मन, आत्मबली हो धेय।
अविचल निर्णय जिंदगी, मनचाही फल गेय॥

सहज शील नित त्याग पथ, खिलता चाह गुलाब।
मितभाषी वाणी मधुर, मिलता स्वयं जबाब॥

मनचाही प्रियतर सुखद, देता मन संतोष।
तजो लोभ मद कपट मन, चाहत घातक रोष॥

कठिन साधना सफलता, मानक नित कर्त्तव्य।
मिले कर्म अधिकार नित, कवि ‘निकुंज’ मन्तव्य॥

मनचाही जीवन सफ़ल, राष्ट्र प्रगति हो चित्त।
शान्ति भक्ति सम्प्रीति मन, सब जनहित आवृत्त॥

करें सबल इन्सानियत, बने कर्म ईमान।
मनचाही राहें सुफल, स्वाभिमान अभिमान॥

परिचय-डॉ.राम कुमार झा का साहित्यिक उपनाम ‘निकुंज’ है। १४ जुलाई १९६६ को दरभंगा में जन्मे डॉ. झा का वर्तमान निवास बेंगलुरु (कर्नाटक)में,जबकि स्थाई पता-दिल्ली स्थित एन.सी.आर.(गाज़ियाबाद)है। हिन्दी,संस्कृत,अंग्रेजी,मैथिली,बंगला, नेपाली,असमिया,भोजपुरी एवं डोगरी आदि भाषाओं का ज्ञान रखने वाले श्री झा का संबंध शहर लोनी(गाजि़याबाद उत्तर प्रदेश)से है। शिक्षा एम.ए.(हिन्दी, संस्कृत,इतिहास),बी.एड.,एल.एल.बी., पीएच-डी. और जे.आर.एफ. है। आपका कार्यक्षेत्र-वरिष्ठ अध्यापक (मल्लेश्वरम्,बेंगलूरु) का है। सामाजिक गतिविधि के अंतर्गत आप हिंंदी भाषा के प्रसार-प्रचार में ५० से अधिक राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय साहित्यिक सामाजिक सांस्कृतिक संस्थाओं से जुड़कर सक्रिय हैं। लेखन विधा-मुक्तक,छन्दबद्ध काव्य,कथा,गीत,लेख ,ग़ज़ल और समालोचना है। प्रकाशन में डॉ.झा के खाते में काव्य संग्रह,दोहा मुक्तावली,कराहती संवेदनाएँ(शीघ्र ही)प्रस्तावित हैं,तो संस्कृत में महाभारते अंतर्राष्ट्रीय-सम्बन्धः कूटनीतिश्च(समालोचनात्मक ग्रन्थ) एवं सूक्ति-नवनीतम् भी आने वाली है। विभिन्न अखबारों में भी आपकी रचनाएँ प्रकाशित हैं। विशेष उपलब्धि-साहित्यिक संस्था का व्यवस्थापक सदस्य,मानद कवि से अलंकृत और एक संस्था का पूर्व महासचिव होना है। इनकी लेखनी का उद्देश्य-हिन्दी साहित्य का विशेषकर अहिन्दी भाषा भाषियों में लेखन माध्यम से प्रचार-प्रसार सह सेवा करना है। पसंदीदा हिन्दी लेखक-महाप्राण सूर्यकान्त त्रिपाठी ‘निराला’ है। प्रेरणा पुंज- वैयाकरण झा(सह कवि स्व.पं. शिवशंकर झा)और डॉ.भगवतीचरण मिश्र है। आपकी विशेषज्ञता दोहा लेखन,मुक्तक काव्य और समालोचन सह रंगकर्मी की है। देश और हिन्दी भाषा के प्रति आपके विचार(दोहा)-
स्वभाषा सम्मान बढ़े,देश-भक्ति अभिमान।
जिसने दी है जिंदगी,बढ़ा शान दूँ जान॥ 
ऋण चुका मैं धन्य बनूँ,जो दी भाषा ज्ञान।
हिन्दी मेरी रूह है,जो भारत पहचान॥