कुल पृष्ठ दर्शन : 442

You are currently viewing हठ स्वभाव बाधा

हठ स्वभाव बाधा

डॉ.राम कुमार झा ‘निकुंज’
बेंगलुरु (कर्नाटक)

*************************************************

हठ करते हर काम में, कामचोर उद्दण्ड।
भूले सब आचार को, जिद्दी प्रकृति प्रचण्ड॥

हठ स्वभाव बाधा बने, जीवन पथ पुरुषार्थ।
बिन कारण दुश्मन बने, क्या माने धर्मार्थ॥

बोध शक्ति हठयोग से, खोती बुद्धि विवेक।
साहस धीरज सोच को, चाहत बस अभिषेक॥

कभी कभी हठ योग भी, साधक बनता सिद्धि।
अटल ध्येय संकल्प हठ, पाए सुख- सुसमृद्धि॥

हठता से अन्त:कलह, बिगड़े सुलझे काम।
हितकारी भी खींझते, हठ से हों बदनाम॥

हठी कार्य पूरण करे, तभी हृदय संतोष।
मिले सफलता कर्म में, विरत रहे जब रोष॥

हठ स्वभाव घातक मनुज, हो विनाश नित वंश।
खल कामी व्यसनी कलह, पग-पग दे बस दंश॥

केकैयी के हठ योग से, मिला राम वनवास।
दशरथ के विश्वास खो, खोयी प्रीत मिठास॥

हठी बने सद्ज्ञान पथ, पाएँ दर्शन ज्ञान।
भक्तियोग हठता स्वयम्, दे सम्बल यश मान॥

मानव हित सत्कार्य पथ, हो हठ दृढ़ संकल्प।
खिले खुशी मुस्कान मुख, पौरुष जीवन अल्प॥

परिचय-डॉ.राम कुमार झा का साहित्यिक उपनाम ‘निकुंज’ है। १४ जुलाई १९६६ को दरभंगा में जन्मे डॉ. झा का वर्तमान निवास बेंगलुरु (कर्नाटक)में,जबकि स्थाई पता-दिल्ली स्थित एन.सी.आर.(गाज़ियाबाद)है। हिन्दी,संस्कृत,अंग्रेजी,मैथिली,बंगला, नेपाली,असमिया,भोजपुरी एवं डोगरी आदि भाषाओं का ज्ञान रखने वाले श्री झा का संबंध शहर लोनी(गाजि़याबाद उत्तर प्रदेश)से है। शिक्षा एम.ए.(हिन्दी, संस्कृत,इतिहास),बी.एड.,एल.एल.बी., पीएच-डी. और जे.आर.एफ. है। आपका कार्यक्षेत्र-वरिष्ठ अध्यापक (मल्लेश्वरम्,बेंगलूरु) का है। सामाजिक गतिविधि के अंतर्गत आप हिंंदी भाषा के प्रसार-प्रचार में ५० से अधिक राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय साहित्यिक सामाजिक सांस्कृतिक संस्थाओं से जुड़कर सक्रिय हैं। लेखन विधा-मुक्तक,छन्दबद्ध काव्य,कथा,गीत,लेख ,ग़ज़ल और समालोचना है। प्रकाशन में डॉ.झा के खाते में काव्य संग्रह,दोहा मुक्तावली,कराहती संवेदनाएँ(शीघ्र ही)प्रस्तावित हैं,तो संस्कृत में महाभारते अंतर्राष्ट्रीय-सम्बन्धः कूटनीतिश्च(समालोचनात्मक ग्रन्थ) एवं सूक्ति-नवनीतम् भी आने वाली है। विभिन्न अखबारों में भी आपकी रचनाएँ प्रकाशित हैं। विशेष उपलब्धि-साहित्यिक संस्था का व्यवस्थापक सदस्य,मानद कवि से अलंकृत और एक संस्था का पूर्व महासचिव होना है। इनकी लेखनी का उद्देश्य-हिन्दी साहित्य का विशेषकर अहिन्दी भाषा भाषियों में लेखन माध्यम से प्रचार-प्रसार सह सेवा करना है। पसंदीदा हिन्दी लेखक-महाप्राण सूर्यकान्त त्रिपाठी ‘निराला’ है। प्रेरणा पुंज- वैयाकरण झा(सह कवि स्व.पं. शिवशंकर झा)और डॉ.भगवतीचरण मिश्र है। आपकी विशेषज्ञता दोहा लेखन,मुक्तक काव्य और समालोचन सह रंगकर्मी की है। देश और हिन्दी भाषा के प्रति आपके विचार(दोहा)-
स्वभाषा सम्मान बढ़े,देश-भक्ति अभिमान।
जिसने दी है जिंदगी,बढ़ा शान दूँ जान॥ 
ऋण चुका मैं धन्य बनूँ,जो दी भाषा ज्ञान।
हिन्दी मेरी रूह है,जो भारत पहचान॥