कुल पृष्ठ दर्शन : 29

संविधान दर्पण वतन

डॉ.राम कुमार झा ‘निकुंज’
बेंगलुरु (कर्नाटक)

*************************************************

अनुशासित जीवन मनुज, संस्कार व्यवहार।
अटल धेय संकल्प श्रम, दर्पण है संसार॥

मानवीय संवेदना, नीति-प्रीति आचार।
शील धीर मितभाषिता, जीवन का श्रृंगार॥

मति विवेक संयम सुपथ, साहसपूर्ण चरित्र।
सहनशील समरस हृदय, रिश्ते बनें पवित्र॥

हमदर्दी परवेदना, व्यथा बोध हो चित्त।
मिटे उदासी व्यथित जन, बदले जीवनवृत्त॥

मातु-पिता गुरु श्रेष्ठजन, नित सेवा हो धर्म।
सौन्दर्य मानव असल, राष्ट्र समुन्नति कर्म॥

अन्तर्मन सौहार्द्रता, जाति धर्म बिन भेद।
लोकतंत्र मजबूत हो, देशद्रोह उच्छेद॥

मिले सिद्धि सत्कर्म से, खिले कीर्ति मकरंद।
राष्ट्र प्रगति परमार्थ ही, देते हैं आनंद॥

निर्मल हिय विनयी चरित, सदा समादर भाव।
धन्य मनुज शीतल प्रकृति, दे बरगद सम छाव॥

राष्ट्र धर्म पालन प्रथम, अर्पित जीवन वृत्त।
खिले कीर्ति कवि लेखनी, देशभक्ति रस चित्त॥

सार्वभौम गणतंत्र ही,अनुगामी बदलाव।
संविधान दर्पण वतन, एक संघ तरु छाव॥

परिचय-डॉ.राम कुमार झा का साहित्यिक उपनाम ‘निकुंज’ है। १४ जुलाई १९६६ को दरभंगा में जन्मे डॉ. झा का वर्तमान निवास बेंगलुरु (कर्नाटक)में,जबकि स्थाई पता-दिल्ली स्थित एन.सी.आर.(गाज़ियाबाद)है। हिन्दी,संस्कृत,अंग्रेजी,मैथिली,बंगला, नेपाली,असमिया,भोजपुरी एवं डोगरी आदि भाषाओं का ज्ञान रखने वाले श्री झा का संबंध शहर लोनी(गाजि़याबाद उत्तर प्रदेश)से है। शिक्षा एम.ए.(हिन्दी, संस्कृत,इतिहास),बी.एड.,एल.एल.बी., पीएच-डी. और जे.आर.एफ. है। आपका कार्यक्षेत्र-वरिष्ठ अध्यापक (मल्लेश्वरम्,बेंगलूरु) का है। सामाजिक गतिविधि के अंतर्गत आप हिंंदी भाषा के प्रसार-प्रचार में ५० से अधिक राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय साहित्यिक सामाजिक सांस्कृतिक संस्थाओं से जुड़कर सक्रिय हैं। लेखन विधा-मुक्तक,छन्दबद्ध काव्य,कथा,गीत,लेख ,ग़ज़ल और समालोचना है। प्रकाशन में डॉ.झा के खाते में काव्य संग्रह,दोहा मुक्तावली,कराहती संवेदनाएँ(शीघ्र ही)प्रस्तावित हैं,तो संस्कृत में महाभारते अंतर्राष्ट्रीय-सम्बन्धः कूटनीतिश्च(समालोचनात्मक ग्रन्थ) एवं सूक्ति-नवनीतम् भी आने वाली है। विभिन्न अखबारों में भी आपकी रचनाएँ प्रकाशित हैं। विशेष उपलब्धि-साहित्यिक संस्था का व्यवस्थापक सदस्य,मानद कवि से अलंकृत और एक संस्था का पूर्व महासचिव होना है। इनकी लेखनी का उद्देश्य-हिन्दी साहित्य का विशेषकर अहिन्दी भाषा भाषियों में लेखन माध्यम से प्रचार-प्रसार सह सेवा करना है। पसंदीदा हिन्दी लेखक-महाप्राण सूर्यकान्त त्रिपाठी ‘निराला’ है। प्रेरणा पुंज- वैयाकरण झा(सह कवि स्व.पं. शिवशंकर झा)और डॉ.भगवतीचरण मिश्र है। आपकी विशेषज्ञता दोहा लेखन,मुक्तक काव्य और समालोचन सह रंगकर्मी की है। देश और हिन्दी भाषा के प्रति आपके विचार(दोहा)-
स्वभाषा सम्मान बढ़े,देश-भक्ति अभिमान।
जिसने दी है जिंदगी,बढ़ा शान दूँ जान॥ 
ऋण चुका मैं धन्य बनूँ,जो दी भाषा ज्ञान।
हिन्दी मेरी रूह है,जो भारत पहचान॥