कुल पृष्ठ दर्शन : 16

You are currently viewing अभा पुरस्कारों के लिए प्रविष्टियाँ आमंत्रित

अभा पुरस्कारों के लिए प्रविष्टियाँ आमंत्रित

बीकानेर (राजस्थान )।

साहित्य के मौलिक लेखन को सम्मान के दृष्टिगत राष्ट्रभाषा हिन्दी प्रचार समिति (श्रीडूंगरगढ़) द्वारा प्रति वर्ष दिए जाने वाले राष्ट्रीय पुरस्कारों एवं सम्मानों के लिए प्रविष्टियाँ व प्रस्ताव आमंत्रित किए गए हैं। इसके लिए १५ जून तक आवेदन किए जा सकेंगे।
संस्थाध्यक्ष श्याम महर्षि ने बताया कि भाषा, साहित्य एवं संस्कृति के क्षेत्र में उल्लेखनीय अवदान के लिए अर्पित प्रतिष्ठित ‘श्री मलाराम माली स्मृति साहित्यश्री सम्मान, डॉ. नंदलाल महर्षि स्मृति हिन्दी साहित्य सृजन पुरस्कार, श्री चन्द्रमोहन हाड़ा हिमकर स्मृति उपन्यास लेखन पुरस्कार, श्री शिवप्रसाद सिखवाल स्मृति महिला लेखन पुरस्कार, श्री श्याम सुन्दर नागला स्मृति बाल साहित्य सृजन पुरस्कार, साहित्य के इतर विषयों से जुड़े सुरेश कंचन ओझा लेखन पुरस्कार और श्री रामकिशन उपाध्याय स्मृति समाज सेवा सम्मान के लिए कृतियाँ-प्रस्ताव मांगे गए हैं। उपन्यास विधा में इस वर्ष से प्रारम्भ पुरस्कार में ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर रचित उपन्यासों को प्राथमिकता दी जाएगी। श्री महर्षि ने बताया कि ‘साहित्यश्री’ सम्मान में २१ हजार ₹ एवं अन्य पुरस्कारों-सम्मानों हेतु चयनित विद्वानों को ११-११ हजार ₹ नगद, सम्मान-पत्र, स्मृति-चिह्न, शॉल आदि यथा १४ सितम्बर को संस्था के वार्षिकोत्सव के अवसर पर आयोज्य समारोह में अर्पित किए जाएंगे।
संस्था के मंत्री रवि पुरोहित ने बताया कि हिन्दी व राजस्थानी सृजन पुरस्कारों के लिए आवेदित या प्रस्तावित पुस्तक वर्ष २०२० से २४ के मध्य प्रकाशित एवं उपन्यास विधा, महिला लेखन, बाल साहित्य सृजन एवं इतर साहित्यिक लेखन पुरस्कार के लिए वर्ष २०१८ से २४ की कालावधि में प्रकाशित होनी चाहिए। ‘श्री मलाराम माली स्मृति साहित्यश्री सम्मान हेतु विगत २० वर्षो के सम्बन्धित क्षेत्र के अवदान को ध्यान में रखा जाएगा।
कोषाध्यक्ष रामचन्द्र राठी ने बताया कि सुरेश कंचन ओझा लेखन पुरस्कार में शिक्षा, पत्रकारिता, चिकित्सा, विधि, प्रेरणा, कृषि आदि साहित्यिक विधाओं के इतर समस्त विषय पुस्तकें विचारार्थ स्वीकार्य होगी। पुरस्कार हेतु आवेदित या प्रस्तावित कृति साहित्य की किसी भी विधा में हो सकती है, परन्तु शोध मान्य नहीं होंगे। कोई भी आवेदक १ ही पुरस्कार हेतु आवेदन कर सकेगा। समन्वयक महावीर माली ने बताया कि पुस्तक की १ प्रति मय संक्षिप्त लेखकीय परिचय एवं चित्र सहित डाक द्वारा (मंत्री, राष्ट्रभाषा हिन्दी प्रचार समित, संस्कृति भवन, एन-एच-११ जयपुर रोड, श्रीडूंगरगढ़ (बीकानेर, राजस्थान)-३३१८०३) पहुंचानी है।