हैदराबाद (तेलंगाना)।
युवा उत्कर्ष साहित्यिक मंच आंध्र प्रदेश एवं तेलंगाना राज्य शाखा की उन्नीसवीं काव्य गोष्ठी अध्यक्ष डॉ. रमा द्विवेदी के निवास पर आयोजित की गई। इस ‘एक शाम कवियों के नाम’ से हुए कार्यक्रम में रचनाकारों ने खूब प्रभावित किया।
अध्यक्ष डॉ. द्विवेदी एवं महासचिव सरिता दीक्षित ने बताया कि यह गोष्ठी वरिष्ठतम साहित्यकार श्रीमती विनीता शर्मा की अध्यक्षता में हुई। शुभारम्भ दीप प्रज्जवलन से हुआ। संयोजिका शिल्पी भटनागर ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। डॉ. द्विवेदी ने विनीता शर्मा का सम्मान किया। फिर उपस्थित रचनाकारों ने विविध विषयों पर स्व सृजित सुंदर-सरस रचनाओं का काव्य पाठ करके वातावरण को मनमोहक बना दिया। डॉ. सुषमा देवी ने स्त्री मर्म को उकेरती रचना प्रस्तुत की। प्रियंका पाण्डेय ने ‘बी बी सी आंटी, कालोनी लीजेंड’ शीर्षक से हास्यरस की सुन्दर रचना, भगवती अग्रवाल ने ‘खुशियों की खोज’ और सुन्दर भजन सुनाया, तो शिल्पी भटनागर ने ‘दिन रात में संबंध’ ग़ज़ल करके समां बांध दिया। डॉ. राशि सिन्हा, डॉ. संगीता शर्मा, तकनीकी संयोजिका डॉ. स्वाति गुप्ता और डॉ. सुरभि दत्त की कविता भी सराही गई। डॉ. द्विवेदी ने मुक्तक और नवगीत सुनाकर महफ़िल में चार चाँद लगा दिए। श्रोताओं ने कविताओं का खूब आनंद लिया और कवियों का उत्साहवर्धन भी किया।
संचालन सरिता दीक्षित ने किया। डॉ. संगीता शर्मा (मीडिया प्रभारी) ने आभार ज्ञापन दिया।