🔹अखिल भारतीय, प्रादेशिक और बोली-भाषा पुरस्कारों से अनेक रचनाकार होंगे सम्मानित
भोपाल (मप्र)। साहित्य अकादमी, मध्यप्रदेश (संस्कृति परिषद्, संस्कृति विभाग, मध्यप्रदेश शासन) द्वारा आयोजित अलंकरण समारोह कल २५ अगस्त को भोपाल में होगा। इस अवसर पर वर्ष २०२२ और २३ के लिए घोषित अखिल भारतीय पुरस्कार, प्रादेशिक पुरस्कार तथा मध्यप्रदेश की ६ बोलियों के साहित्यिक पुरस्कारों से चयनित रचनाकारों को अलंकृत किया जाएगा।
अकादमी के निदेशक डॉ. विकास दवे ने बताया कि सायं ५ बजे रवीन्द्र भवन (अंजनी सभागार) में इस
समारोह में मप्र शासन के संस्कृति मंत्री धमेन्द्र भाव सिंह लोधी मुख्य अतिथि होंगे। प्रमुख सचिव, (संस्कृति एवं पर्यटन विभाग) शिव शेखर शुक्ला तथा संचालक (संस्कृति) एन.पी. नामदेव विशिष्ट अतिथि रहेंगे।
डॉ. दवे ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य न केवल उत्कृष्ट रचनाकारों को सम्मानित करना है, बल्कि मप्र की समृद्ध साहित्यिक परंपरा को नई ऊर्जा प्रदान करना भी है।
इस कार्यक्रम में अभा पुरस्कार के अंतर्गत विभिन्न विधाओं के प्रख्यात रचनाकारों को सम्मान मिलेगा। इनमें कथा, कविता, उपन्यास, आलोचना, संस्मरण, यात्रा-वृत्तांत, अनुवाद, समालोचना और गीत-नाटक जैसी विधाएँ शामिल हैं। इसी प्रकार प्रादेशिक पुरस्कार वर्ष २०२२ और २३ में मप्र के विविध जिलों के चयनित साहित्यकारों को सम्मानित किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त ६ बोलियों में सृजनरत श्रेष्ठ रचनाकारों को भी संत पीपा पुरस्कार, संत सिंगाजी पुरस्कार और श्री छत्रसाल पुरस्कार आदि से सम्मानित किया जाएगा।
🔸साहित्यिक गरिमा का पर्व-
इस अलंकरण समारोह में प्रदेशभर के विद्वान, साहित्यकार, आलोचक, कलाकार और संस्कृति जगत से जुड़े अनेक विशिष्टजन उपस्थित रहेंगे। यह आयोजन केवल सम्मान प्रदान करने तक सीमित न रहकर मप्र के साहित्यिक व सांस्कृतिक परिदृश्य का उत्सव बनेगा।