कुल पृष्ठ दर्शन : 2

था जिगर का टुकड़ा

सरोजिनी चौधरी
जबलपुर (मध्यप्रदेश)
*************************************

दुल्हन बन कर बैठी बेटी
लड़के वाले आते,
कोई मामी, कोई भाभी
कह कर उसे बुलाते।

भाँवर पड़ी रात को प्रातः
सास ने था कहलाया,
आते हैं सब बिदा कराने
भेज रहे हैं बुलावा।

माँ बैठी यह सोच रही है
क्यों यह नियम बनाया ?
एक रात में हुई पराई,
घर यह हुआ पराया।

नहीं कोई अधिकार हमारा,
जो था जिगर का टुकड़ा
ले जाएँगे दूल्हे राजा,
हाथ था जिसने पकड़ा॥