डॉ.विद्यासागर कापड़ी ‘सागर’
पिथौरागढ़(उत्तराखण्ड)
************************************************
आते हैं अब पुत्र, बहू सब,
परदेशी बन के।
आपस में मिल बाँट रहे हैं,
सुख-दुख जीवन के॥
मोद भरी जो अटखेली थी,
नित जीवन भर में।
अरे बुढ़ापा आया ऐसा,
मौन बसा घर में॥
अब तो आवाजें भी आतीं,
कहीं दूर छन के।
आपस में मिल बाँट रहे हैं,
सुख-दुख जीवन के…॥
अब तो गाँवों की गलियों को,
सारे भूल रहे।
अपनी ही खुशियों में देखो,
कैसे झूल रहे॥
मातु-पिता की बात न मानें,
हैं सब निज मन के।
आपस में मिल बाँट रहे हैं,
सुख-दुख जीवन के…॥
माँ के नयनों से तीजों में,
अश्रु सदा टपकें।
छाया को भी लाल समझकर,
छूने को लपकें॥
टूट रहे हैं धागे अब तो,
पावन बंधन के।
आपस में मिल बाँट रहे हैं,
सुख-दुख जीवन के…॥
कौन दवाई लेकर आये,
प्रश्न खड़े रहते।
कभी जरा का चीर ओढ़कर,
मौन पड़े रहते॥
बदल गये हैं रंग सभी तो,
अब अपनेपन के।
आपस में मिल बाँट रहे हैं,
सुख-दुख जीवन के…॥
आते हैं अब पुत्र बहू सब,
परदेशी बन के।
आपस में मिल बाँट रहे हैं,
सुख-दुख जीवन के…॥