कुल पृष्ठ दर्शन : 317

You are currently viewing राम रसायन

राम रसायन

अवधेश कुमार ‘अवध’
मेघालय
****************************************

राम हैं जिंदगी राम का नाम लो,
राम हैं बंदगी राम का नाम लो।

राम से ही धरा अग्नि आकाश है,
राम से ही हवा नीर का पाश है।
राम की मुट्ठियों में बँधी सृष्टि है,
राम से वृष्टि एवं अनावृष्टि है।
राम के नाम में लोक कल्याण है,
राम के नाम में जानकी प्राण है।

राम दीनों गरीबों के रखवार हैं,
डूबती नाव के राम पतवार हैं।
राम श्रापित अहल्या समाधान हैं,
राम मूर्छित लखन हेतु हनुमान हैं।
राम सुग्रीव केवट विभीषण सगे,
राम शिव भक्ति में सर्वदा हैं पगे।
राम जूठे फलों संग में भाव हैं,
राम अंधे बधिर मूक के चाव हैं।

राम संगीत साँसें कला साज हैं,
राम भूतो भविष्यो सदा आज हैं।
राम से साधु हैं राम से संत हैं,
दीन-दुखिये सभी राम के कंत हैं।
राम से देवियाँ राम से देव हैं,
राम ही सत्य एवं सुसत्येव हैं।
राम राजीव हैं राम छविधाम हैं,
राम से है अवध,औध से राम हैं॥

परिचय-अवधेश कुमार विक्रम शाह का साहित्यिक नाम ‘अवध’ है। आपका स्थाई पता मैढ़ी,चन्दौली(उत्तर प्रदेश) है, परंतु कार्यक्षेत्र की वजह से गुवाहाटी (असम)में हैं। जन्मतिथि पन्द्रह जनवरी सन् उन्नीस सौ चौहत्तर है। आपके आदर्श -संत कबीर,दिनकर व निराला हैं। स्नातकोत्तर (हिन्दी व अर्थशास्त्र),बी. एड.,बी.टेक (सिविल),पत्रकारिता व विद्युत में डिप्लोमा की शिक्षा प्राप्त श्री शाह का मेघालय में व्यवसाय (सिविल अभियंता)है। रचनात्मकता की दृष्टि से ऑल इंडिया रेडियो पर काव्य पाठ व परिचर्चा का प्रसारण,दूरदर्शन वाराणसी पर काव्य पाठ,दूरदर्शन गुवाहाटी पर साक्षात्कार-काव्यपाठ आपके खाते में उपलब्धि है। आप कई साहित्यिक संस्थाओं के सदस्य,प्रभारी और अध्यक्ष के साथ ही सामाजिक मीडिया में समूहों के संचालक भी हैं। संपादन में साहित्य धरोहर,सावन के झूले एवं कुंज निनाद आदि में आपका योगदान है। आपने समीक्षा(श्रद्धार्घ,अमर्त्य,दीपिका एक कशिश आदि) की है तो साक्षात्कार( श्रीमती वाणी बरठाकुर ‘विभा’ एवं सुश्री शैल श्लेषा द्वारा)भी दिए हैं। शोध परक लेख लिखे हैं तो साझा संग्रह(कवियों की मधुशाला,नूर ए ग़ज़ल,सखी साहित्य आदि) भी आए हैं। अभी एक संग्रह प्रकाशनाधीन है। लेखनी के लिए आपको विभिन्न साहित्य संस्थानों द्वारा सम्मानित-पुरस्कृत किया गया है। इसी कड़ी में विविध पत्र-पत्रिकाओं में अनवरत प्रकाशन जारी है। अवधेश जी की सृजन विधा-गद्य व काव्य की समस्त प्रचलित विधाएं हैं। आपकी लेखनी का उद्देश्य-हिन्दी भाषा एवं साहित्य के प्रति जनमानस में अनुराग व सम्मान जगाना तथा पूर्वोत्तर व दक्षिण भारत में हिन्दी को सम्पर्क भाषा से जनभाषा बनाना है। 

Leave a Reply