कुल पृष्ठ दर्शन : 186

You are currently viewing हम होंगे कामयाब एक दिन

हम होंगे कामयाब एक दिन

डॉ.राम कुमार झा ‘निकुंज’
बेंगलुरु (कर्नाटक)

*********************************************************************

वीर पुरुषों की सन्तति हम,
महावीर विश्वास सतत मन
तत्पर रक्षा सम्मान वतन,
हम होंगे कामयाब एक दिन…।

अपना जीवन अरमान वतन,
हम उद्यत नित बलिदान वतन
भारत माँ के अनमोल रतन,
हम होंगे कामयाब एक दिन…।

दिनकर सम भारत तेज प्रबल,
हम सदा सुधाकर शान्ति विमल
संहारक हम नित ज्वाल अनल,
हम होंगे कामयाब एक दिन…।

हम महावेग गतिमान पवन,
रक्षण भारत कुर्बान यतन
कर रिपुमर्दन सम्मान वतन,
हम होंगे कामयाब एक दिन…।

ले हाथ तिरंगा नित गायन,
जय हिन्द गीत अरमान वतन
भारत माता जयकार नमन,
हम होंगे कामयाब एक दिन…।

हम आत्मबली साहस अविचल,
हम भुजाबली विषपान गरल
धैर्यवान सरल निर्माण वतन,
हम होंगे कामयाब एक दिन…।

पुरुषार्थ हमारा शस्त्र प्रखर,
गणतंत्र हमारा शान शिखर
समरस भारत सद्भाव निखर,
हम होंगे कामयाब एक दिन।

हम विश्वगुरु संवाहक ध्वज,
नित स्वाभिमान निर्वाहक जन
नित शोध प्रगति विज्ञान वतन,
हम होंगे कामयाब एक दिन…।

हम महाकाल निर्णायक रण,
हम दानवीर अमर गान वतन।
हैं कृषक आत्म निर्भर जन गण,
हम होंगे कामयाब एक दिन…॥

परिचय-डॉ.राम कुमार झा का साहित्यिक उपनाम ‘निकुंज’ है। १४ जुलाई १९६६ को दरभंगा में जन्मे डॉ. झा का वर्तमान निवास बेंगलुरु (कर्नाटक)में,जबकि स्थाई पता-दिल्ली स्थित एन.सी.आर.(गाज़ियाबाद)है। हिन्दी,संस्कृत,अंग्रेजी,मैथिली,बंगला, नेपाली,असमिया,भोजपुरी एवं डोगरी आदि भाषाओं का ज्ञान रखने वाले श्री झा का संबंध शहर लोनी(गाजि़याबाद उत्तर प्रदेश)से है। शिक्षा एम.ए.(हिन्दी, संस्कृत,इतिहास),बी.एड.,एल.एल.बी., पीएच-डी. और जे.आर.एफ. है। आपका कार्यक्षेत्र-वरिष्ठ अध्यापक (मल्लेश्वरम्,बेंगलूरु) का है। सामाजिक गतिविधि के अंतर्गत आप हिंंदी भाषा के प्रसार-प्रचार में ५० से अधिक राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय साहित्यिक सामाजिक सांस्कृतिक संस्थाओं से जुड़कर सक्रिय हैं। लेखन विधा-मुक्तक,छन्दबद्ध काव्य,कथा,गीत,लेख ,ग़ज़ल और समालोचना है। प्रकाशन में डॉ.झा के खाते में काव्य संग्रह,दोहा मुक्तावली,कराहती संवेदनाएँ(शीघ्र ही)प्रस्तावित हैं,तो संस्कृत में महाभारते अंतर्राष्ट्रीय-सम्बन्धः कूटनीतिश्च(समालोचनात्मक ग्रन्थ) एवं सूक्ति-नवनीतम् भी आने वाली है। विभिन्न अखबारों में भी आपकी रचनाएँ प्रकाशित हैं। विशेष उपलब्धि-साहित्यिक संस्था का व्यवस्थापक सदस्य,मानद कवि से अलंकृत और एक संस्था का पूर्व महासचिव होना है। इनकी लेखनी का उद्देश्य-हिन्दी साहित्य का विशेषकर अहिन्दी भाषा भाषियों में लेखन माध्यम से प्रचार-प्रसार सह सेवा करना है। पसंदीदा हिन्दी लेखक-महाप्राण सूर्यकान्त त्रिपाठी ‘निराला’ है। प्रेरणा पुंज- वैयाकरण झा(सह कवि स्व.पं. शिवशंकर झा)और डॉ.भगवतीचरण मिश्र है। आपकी विशेषज्ञता दोहा लेखन,मुक्तक काव्य और समालोचन सह रंगकर्मी की है। देश और हिन्दी भाषा के प्रति आपके विचार(दोहा)-
स्वभाषा सम्मान बढ़े,देश-भक्ति अभिमान।
जिसने दी है जिंदगी,बढ़ा शान दूँ जान॥ 
ऋण चुका मैं धन्य बनूँ,जो दी भाषा ज्ञान।
हिन्दी मेरी रूह है,जो भारत पहचान॥

Leave a Reply