कुल पृष्ठ दर्शन : 3

संपादक संदीप ‘सृजन’ सहित ११ साहित्यकार अलंकृत

उज्जैन (मप्र)।

पत्रकारिता की पाठशाला कहे जाने वाले दैनिक ‘अग्निपथ’ के संस्थापक, लौह लेखनी के धनी एवं मूर्धन्य पत्रकार स्व. ठाकुर शिवप्रतापसिंह चंदेल की ११३वीं जयंती के अवसर पर गुरुवार को सुराणा पैलेस में स्मरण एवं साहित्यकार सम्मान समारोह किया गया। इसमें साहित्य, पत्रकारिता एवं संस्कृति के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले संपादक संदीप ‘सृजन’ के साथ ही ११ साहित्यकारों का सम्मान किया गया।
इस कार्यक्रम की अध्यक्षता सुप्रसिद्ध चित्रकार डॉ. श्रीकृष्ण जोशी ने की। मुख्य अतिथि हिन्दी एवं मालवी के वरिष्ठ कवि डॉ. शिव चौरसिया तथा विशिष्ट अतिथि महाराजा विक्रमादित्य विश्वविद्यालय के कुलानुशासक प्रो. शैलेंद्रकुमार शर्मा रहे। अतिथियों एवं अग्निपथ समूह के संपादक द्वय अनिलसिंह चंदेल एवं अर्जुनसिंह चंदेल द्वारा साहित्यकारों का सम्मान किया गया। इसमें दिलीप जैन, श्रीमती अमृता उपारिया, श्रीमती सीमा पंड्या, शशांक दुबे, आरिफ अफजल, डॉ. राजेश रावल ‘सुशील’, श्रीमती संगीता तलेरा, गोपाल ‘गर्वित’ और सुश्री शीला व्यास शामिल रहे।
सम्मान प्राप्त करने के बाद ‘शब्द प्रवाह’ के सम्पादक संदीप ‘सृजन’ ने इसे अपने साहित्यिक एवं पत्रकारिता जीवन का अविस्मरणीय क्षण बताया, साथ ही गरिमामय आयोजन के लिए हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उन्हें साहित्य एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा देगा।
   कार्यक्रम का संयोजन व संचालन संतोष सुपेकर ने किया। अर्जुनसिंह चंदेल ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।