कुल पृष्ठ दर्शन : 1

कट्टरता से बुरी बात कुछ नहीं होती-प्रो. मौर्य

कविता पाठ-लोकार्पण,,,

दिल्ली।

साहित्य का राजनीति के लिए प्रयोग करना या राजनीति के लिए साहित्य का प्रयोग करना संकुचन है। साहित्य पढ़ना जिम्मेदारी का काम है। साहित्य पढ़ते समय हम सारा जीवन पढ़ते हैं, जबकि दूसरे विषयों के लिए ऐसा नहीं कहा जा सकता। राजनीतिक एजेंडे से किसी पत्रिका का संपादन करना कभी उचित नहीं कहा जा सकता। संपादन में भी किसी भी तरह की कट्टरता से बुरी बात कुछ नहीं होती।
   प्रसिद्ध कवि और आलोचक प्रो. शिरीष कुमार मौर्य ने हिंदू कालेज में आयोजित ‘लेखक से भेंट’ कार्यक्रम में यह बात कही। प्रो. मौर्य ने विद्यार्थियों के अनेक सवालों के उत्तर भी दिए। “कविता आपके लिए क्या है ?”  पर कहा कि एक जमाने में कविता मेरे लिए विरोध थी, फिर धीरे-धीरे वह मेरे लिए संबंध बनी और यह ऐसा सम्बन्ध है जो मनुष्यता को बनाता है, बचाता है।    उन्होंने उदाहरण देकर बताया कि ‘पहल’ के संपादक ज्ञानरंजन जिद्दी थे, लेकिन कट्टर नहीं थे।
   प्रो. मौर्य ने अपनी चर्चित कविता पुस्तकों ‘राग पूरबी’ और ‘धर्म वह नाव नहीं’ से चुनी हुई कविताओं का पाठ किया, जिन्हें श्रोताओं ने बेहद पसंद किया। 
   आयोजन में हिंदी विभाग की हस्तलिखित पत्रिका ‘हस्ताक्षर’ के नये अंक का लोकार्पण भी किया गया। सम्पादक प्रो. रचना सिंह सहित विद्यार्थी संपादक मंडल के सदस्य रोहित, अमित कुमार मीना, अक्षुण्ण पाठक, सौरभ आनंद, पूजा धनखड़ एवं डॉ. रूपाली सिन्हा आदि भी सम्मिलित हुए। 
विभाग प्रभारी प्रो. पल्लव ने स्वागत उद्बोधन दिया। आचार्य प्रो. बिमलेन्दु तीर्थंकर ने प्रो. मौर्य को शॉल तथा डॉ. नीलम सिंह ने पौधा भेंटकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संयोजन सरस्वती चौधरी और कुलदीप ने किया। लेखक परिचय अमरजीत ने दिया।
      रवितान्या और अम्बर सिंह ने आभार प्रदर्शन किया।