कुल पृष्ठ दर्शन : 14

कहाँ गये वो दिन…!

राधा गोयल
नई दिल्ली
**********************************

अमृत की रात (शरद पूर्णिमा विशेष)….

शरद पूर्णिमा की संध्या को खीर बनाया करते थे,
बीचों-बीच उसे आँगन में ऐसे स्थान पे रखते थे।

जहाँ चाँद की मधुर रश्मियाँ आकर खीर को स्पर्श करें,
देख चाँद की मधुर चाँदनी, दिल में मधुर हिलोर उठें।

कामदेव और रति, चन्दा की ओर निहारा करते थे,
हाथ जोड़कर सरस्वती माँ का आवाहन करते थे।

सबके मन मन्दिर में माता ज्ञान का दिव्य प्रकाश भरो,
चाँद के नीचे रखी खीर में, माता दृष्टि विलास करो।

कहाँ गये वो दिन जब शरद पूर्णिमा वाली रात,
करते थे आँगन में बैठकर हँसी ठिठोली की बरसात।

शुभ्र ज्योत्सना देख के, पुलकित होकर नाचा करते थे,
बड़ों के चरण स्पर्श करके, आशीषें पाया करते थे।

सूर्योदय होने पर खीर को झूम- झूमकर खाते थे,
चार कटोरी खीर को कैसे फौरन चट कर जाते थे।

जाने कहाँ खो गये वो दिन, खूब धमाल मचाते थे,
शरद पूर्णिमा के दिन जब चंदा को निकट बुलाते थे। 

साँझे चूल्हे नहीं रहे,अब हम दो और हमारे दो,
खीर चाँदनी में रखने के, जाने कहाँ गये दिन वो ?

मोबाईल का आज जमाना, बच्चे उसमें रमे हुए,
शरद पूर्णिमा क्या होती है, इससे वो अनजान रहे।

मोबाईल में देख-देखकर ही सब खुश हो लेते हैं,
आभासी दुनिया में, अहसासों से वंचित रहते हैं॥