कुल पृष्ठ दर्शन : 1

जीवन के विविध रंग उभरे हैं संग्रह ‘छू लो आसमां’ में

लोकार्पण…

इंदौर (मप्र)।

यह कृति आसमान छूने के सपने के साकार होने का प्रतीक है, जिसने दृढ़ संकल्प और जीवन दर्शन को शब्द दिए हैं। ७५ रचनाओं के इस संग्रह में जीवन के विविध रंग, सकारात्मकता, मानवीय मूल्य, रिश्ते, पर्यावरण संरक्षण, गौरैया और पिघलते ग्लेशियर जैसे संवेदनशील विषय आत्मीयता के साथ उभरे हैं।
        मुख्य अतिथि श्रीमती इंदु पाराशर ने काव्य संग्रह की प्रशंसा करते हुए यह बात कही। अवसर रहा वामा साहित्य मंच के निर्देशन में लेखिका उषा गुप्ता के प्रथम संग्रह ‘छू लो आसमां’ के लोकार्पण समारोह का, जिसका शुभारंभ श्रीमती सुषमा शर्मा ‘श्रुति’ ने सुमधुर सरस्वती वंदना से किया। 

      मंच की प्रचार प्रमुख सपना साहू ‘स्वप्निल’ ने बताया, कि इसके पश्चात मंच की अध्यक्ष ज्योति जैन ने स्वागत करते हुए लेखिका के सदा प्रसन्नचित्त रहने के स्वभाव की सराहना की, प्रथम संग्रह की बधाई दी और अपनी कविता ‘राह नदी की’ के माध्यम से स्त्री व नदी की समानता को रेखांकित किया। फिर उषा गुप्ता ने बताया कि ‘कोरोना’ काल में उनके लेखन के बीज को पनपने का अवसर मिला और मंच से निरंतर प्रेरणा मिलती रही। उन्होंने यह संग्रह अपने चारों बच्चों को समर्पित करते हुए अपनी मार्मिक कविता ‘बूढ़े माँ-बाबा’ का पाठ भी किया।
    विशेष अतिथि श्रीमती ज्योति व्यास ने कहा कि लेखिका ने इस पुस्तक में मानो पूरा संसार समेट लिया है। अध्यक्षता कर रहीं डॉ. प्रेम कुमारी नाहटा ने कहा कि उषा गुप्ता साहित्य के सागर से ‘छू लो आसमां’ जैसा अनमोल मोती लेकर आई हैं, जिसमें रोजमर्रा के विषयों को नई दृष्टि और संवेदना के साथ पिरोया गया है।
    अतिथि स्वागत शोभा प्रजापति, कंगन गोयल और तनुजा चौबे ने किया।
    सरस संचालन श्रीमती अमर कौर चड्ढा ने किया। मिकलेश गोयल ने आभार माना।