डॉ.विद्यासागर कापड़ी ‘सागर’
पिथौरागढ़(उत्तराखण्ड)
************************************************
बंशी की धुन सुनने को नित,
मन में चाह पले।
आगे-आगे मोहन चलते,
पीछे ग्वाल चले॥
गायें मोहित हैं धुन पर यूँ,
चरना भूल गईं।
बछिया तो मोहन के कांधे,
पाकर झूल गईं॥
दिन भर यमुना तट पर मेला,
आते साँझ ढले।
आगे-आगे मोहन चलते,
पीछे ग्वाल चले…॥
कालिंदी तट और बंशी वट,
निशिदिन राह तकें।
और पखेरू सभी भोर से,
मोद भरे चहकें॥
गोप गोपियों को बंशी धुन,
वश में करे, छले।
आगे-आगे मोहन चलते,
पीछे ग्वाल चले…॥
चलती राह गुजरिया की जब,
फोड़ें वो मटकी।
बरजोरी करते नटखट तो,
बाँह लगे चटकी॥
पनघट पर जाने को ग्वालिन,
छुप-छुप कर निकले।
आगे-आगे मोहन चलते,
पीछे ग्वाल चले…॥
दधि माखन की चोरी करके,
ग्वाल हुये तगड़े।
अरे प्यार है भरा हृदय में।
खेलें या झगड़ें॥
उर से सारे नटखट बालक,
दिखते सभी भले।
आगे-आगे मोहन चलते,
पीछे ग्वाल चले…॥
हाथ लकुटिया लेकर सारे,
जाते हैं वन में।
कान्हा ही कान्हा दिखते हैं,
इत उत कण-कण में॥
दाँव लगाते वंशी वट पर,
कौन चढ़े पहले।
आगे-आगे मोहन चलते,
पीछे ग्वाल चले…॥